JPSC Scam : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआइडी ने न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में 12 आरोपियों के खिलाफ 97 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. इसके साथ विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी के दौरान जब्त किये गये 82 भौतिक, डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों की सूची भी सौंपी गयी है. सीआइडी के अनुसार, घोटाला सुनियोजित था. इसमें आयोग के तत्कालीन अधिकारियों, निजी आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल और बिचौलियों के बीच सांठगांठ थी.
खियांग्ते के टूटे लैपटॉप और फॉर्मेट मोबाइल से मिले साक्ष्य
सीआइडी ने आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिलने का दावा किया है. उनके आवास से 11वीं से 13वीं परीक्षा के 15 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू की तारीख, पदों की प्राथमिकता और गोपनीय इंटरव्यू कोड से संबंधित दस्तावेज मिले. जांच एजेंसी ने साक्ष्य मिटाने के प्रयास के संकेत मिलने की बात भी कही है. खियांग्ते के आवास से डेल कंपनी का टूटा लैपटॉप जब्त किया गया, जबकि रेडिसन ब्लू होटल के पास स्थित आइ-डेस्टिनी स्टोर से उनका फॉर्मेट किया हुआ मोबाइल बरामद हुआ.
वित्तीय जांच के तहत मिजोरम और मणिपुर की लुंग्ली शाखा से खियांग्ते और उनकी पत्नी लालमिनी के एचडीएफसी व एसबीआइ खातों के लेन-देन का ब्योरा केस डायरी में शामिल किया गया है. सीआइडी के अनुसार, तत्कालीन जेपीएससी सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य के निजी सहायक ब्रजकुमार राम ने बिंसिस को काम दिलाने के लिए खियांग्ते के मिजोरम स्थित आवास पर ढाई लाख रुपये नकद पहुंचाये थे. खियांग्ते के लैपटॉप बैग से मिले 15 अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबरों का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी जियो और एयरटेल से हासिल कर चार्जशीट में शामिल किया गया है.
श्वेता गुप्ता के कक्ष से वर्क ऑर्डर और फाइलें बरामद
आयोग की तत्कालीन उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता के कक्ष से टीडीपीएल को जारी वर्क ऑर्डर का एग्रीमेंट और विज्ञापन संख्या 04/23 से संबंधित फाइलें बरामद की गयीं. जांच में सामने आया कि टीडीपीएल के निदेशक रामवीर और सत्यपाल रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे थे. एजेंसी के कर्मचारी मोहम्मद उस्मान और श्वेता गुप्ता के परिजनों के यात्रा टिकट मेकमायट्रिप के माध्यम से बुक कराये गये थे. सीआइडी ने श्वेता गुप्ता के एसबीआइ की लालपुर शाखा स्थित खाते का विवरण भी हासिल किया है.
रिकॉर्ड के अनुसार, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक असीम किस्पोट्टा ने टीडीपीएल को पहले ही दागी बताते हुए लिखित रिपोर्ट दी थी. इसके बावजूद एजेंसी को काम सौंप दिया गया.
अभय तिवारी के ठिकानों से नकदी, लैपटॉप और बैंक रिकॉर्ड
घोटाले में वित्तीय और तकनीकी समन्वय की भूमिका निभाने के आरोपी अभय कुमार तिवारी के पास से 5.50 लाख रुपये नकद, मोटोरोला मोबाइल और लैपटॉप जब्त किये गये. अभय द्वारा संचालित प्रकाश रेसिडेंसी और सागर पैलेस के आइडीएफसी फर्स्ट बैंक खातों के अलावा एसबीआइ, कोटक महिंद्रा, ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक और एक्सिस बैंक की गिरिडीह शाखा से जुड़े खातों की भी जांच की गयी.
अभय ने सह-अभियुक्त धर्मेंद्र कुमार के लिए बुलेट बाइक खरीदने को रांची के रॉयल एनफील्ड शोरूम में राशि का भुगतान किया था. इसकी रसीद सीआइडी ने जब्त की है. वहीं, अप्राथमिकी अभियुक्त लालू यादव के ठिकाने से अभय तिवारी के ईएसएएफ बैंक का चेक मिला.
अवैध कार्यालय से परीक्षाओं के नतीजे और सर्वर डेटा मिले
जांच के अनुसार, तकनीकी फर्जीवाड़े के लिए टीडीपीएल ने चड़रीटोला में सारिका सिंह के मकान में अवैध कार्यालय और सर्वर स्थापित किया था. इसका रेंट एग्रीमेंट अभय तिवारी के नाम पर था. सीआइडी ने वहां से हार्ड डिस्क और अमेजन एडब्ल्यूएस क्लाउड सर्वर का डेटा जब्त किया. हार्ड डिस्क से 11वीं से 13वीं जेपीएससी के अलावा एफआरओ, एसीएफ और सीडीपीओ परीक्षाओं के नतीजे भी मिले.
जेपीएससी से जब्त रक्षक सिंह और नीतू पांडेय की उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान आरोपियों के मोबाइल फोन से बरामद मॉडल आंसर से कराया गया. अरविंद कुमार और सुमन सौरभ के पास से मिली डायरी, व्हाट्सएप चैट और मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है. सीआइडी ने 14वीं जेपीएससी के अभ्यर्थियों की अटेंडेंस शीट, सीसीटीवी फुटेज और ओएमआर शीट की छायाप्रतियां भी अदालत में पेश की हैं.
रिजल्ट जारी होने से पहले व्हाट्सएप पर भेजने के साक्ष्य
सीआइडी ने चार्जशीट में इस बात का भी उल्लेख किया है कि तत्कालीन उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने रिजल्ट जारी होने से पहले व्हाट्सएप पर उस्मान को परिणाम भेजे थे. जांच एजेंसी के अनुसार, श्वेता लगातार उस्मान और अन्य लोगों को परीक्षा से संबंधित जानकारी दे रही थीं. राज्य के बाहर के कई अभ्यर्थियों और जेपीएससी में कार्यरत लोगों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का विवरण भी अदालत को सौंपा गया है.
The post JPSC परीक्षा घोटाले में 12 आरोपियों पर चार्जशीट, टूटे लैपटॉप से लेकर व्हाट्सएप चैट तक 82 सबूत appeared first on Naya Vichar.

