Bihar Ka Mausam: पटना समेत पूरे बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है.न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद इसमें खास बदलाव नहीं होगा. यानी दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का तीखा एहसास बना रहेगा.
IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसके बाद दो दिनों के भीतर तापमान फिर से 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है.
मौसम #चेतावनी #बिहार #दिन-1 से दिन-7 तक pic.twitter.com/vhik5OZXFR
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) January 20, 2026
पछुआ की रफ्तार बढ़ेगी, रातें और सर्द होंगी
बुधवार से बिहार में पछुआ हवा तेज चलने की संभावना है. इसका असर सीधे रात के तापमान पर पड़ेगा और इसमें करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. सुबह और शाम के समय ठंड ज्यादा चुभेगी, जिससे लोगों को एक बार फिर स्वेटर और जैकेट की जरूरत महसूस होगी. हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने से दोपहर में ठंड से कुछ राहत मिलेगी और धूप सुकून देगी.
मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके कारण 21 से 24 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है. भले ही बिहार में बारिश नहीं होगी, लेकिन पहाड़ों में होने वाली बर्फबारी और मैदानी इलाकों में मौसम के बदलाव का असर बिहार की ठंड पर पड़ेगा और सर्दी का अहसास कुछ दिनों तक बना रहेगा.
24 घंटे में राजगीर सबसे गर्म, किशनगंज सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. राज्य का अधिकतम तापमान 23.3 से 27.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान 27.2 डिग्री नालंदा के राजगीर में और सबसे कम अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री बांका में रहा. न्यूनतम तापमान 8.5 से 14.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री किशनगंज में दर्ज हुआ.
#अधिकतम #तापमान और #परिवर्तन पिछले 24 घंटा #बिहार जिलों से। pic.twitter.com/uu3g4xMSxk
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) January 20, 2026
कोहरे की स्थिति में भी सुधार देखने को मिला, हालांकि सबसे कम दृश्यता 300 मीटर मोतिहारी में दर्ज की गई. इससे साफ है कि कोहरे से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड अभी पीछा नहीं छोड़ने वाली.
पटना में साफ आसमान और खिली धूप
राजधानी पटना में बुधवार को आसमान साफ रहने की संभावना है और दिन में धूप खिलेगी. पछुआ की रफ्तार तेज होने से सुबह और शाम ठंड ज्यादा महसूस होगी. मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद ठंड का असर बना हुआ है.
ठंड की विदाई से पहले मौसम का ‘आखिरी रंग’
मौसम के मौजूदा संकेत बता रहे हैं कि बिहार में ठंड अब धीरे-धीरे विदा लेने वाली है. लेकिन उससे पहले पछुआ हवा और पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मिलकर ठंड का एक आखिरी दौर दिखाएगा. दिन में धूप राहत देगी, लेकिन रातें और सुबहें अभी कुछ दिन तक कंपकंपी बढ़ाएंगी.
Also Read: प्रशासन का बड़ा फैसला, विदेश जाने वाले बिहार के SC-ST छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति
The post Bihar Ka Mausam: सावधान! बिहार में खत्म नहीं हुई है ठंड, पछुआ हवाएं बढ़ा रही है ठिठुरन, IMD ने जारी की चेतावनी appeared first on Naya Vichar.

