Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियाँ

सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के तहत राधोपुर यार्ड तथा कपरपूरा यार्ड पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं सहरसा यार्ड एवं लहेरियासराय यार्ड में लाइट ROB का निर्माण किया गया नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल ने वर्ष 2025-26 में रेल संरक्षा, आधारभूत संरचना विकास, परिचालन दक्षता एवं यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। “समस्तीपुर मंडल की यह उपलब्धि सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मंडल का मुख्य लक्ष्य सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करना है, जिसके लिए मंडल निरंतर कार्यरत है।” वर्ष 2025-26 में स्क्रैप निपटान के क्षेत्र में मंडल ने 9020 मीट्रिक टन की ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। इसी प्रकार, इंजीनियरिंग विभाग द्वारा पूर्ण ट्रैक नवीनीकरण (P+S) के अंतर्गत 85.22 किलोमीटर कार्य पूरा किया गया। ट्रैक की गुणवत्ता एवं संरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु प्लेन ट्रैक की डीप स्क्रीनिंग में 227.76 किलोमीटर कार्य संपन्न किया गया, जबकि टर्नआउट्स के नवीनीकरण (TBTR) (Through Bridge Timber Renewal) में 1998 इकाइयों का कार्य कर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। इंजीनियरिंग विभाग के नेतृत्व में संरक्षा उन्नयन के विभिन्न लक्ष्यों को भी पार किया गया। थिक वेब स्विच की स्थापना में 15 के लक्ष्य के विरुद्ध 29 कार्य पूर्ण किए गए। प्लेन ट्रैक टैम्पिंग में 1910 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 2116.73 किलोमीटर कार्य किया गया। थ्रू फिटिंग रिन्यूअल में 100 किलोमीटर के लक्ष्य के विरुद्ध 125.121 किलोमीटर तथा लेवल क्रॉसिंग बंद करने में 15 के लक्ष्य के विरुद्ध 17 कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए। परिचालन को और अधिक सुगम एवं आधुनिक बनाने हेतु समस्तीपुर में विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक, केंद्रीकृत वातानुकूलित ट्रैफिक कंट्रोल भवन का निर्माण किया गया, जो रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्मिक विभाग एवं इंजीनियरिंग विभाग के समन्वय से कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए 10 शैय्या वाली स्त्री बैरक, मंडल का पहला स्टाफ रेस्ट हाउस तथा 50,000 गैलन क्षमता का RCC जल टैंक का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त रेलवे कॉलोनी में आवासीय क्वार्टर, ट्रांजिट हाउस एवं सड़कों का व्यापक सुधार कार्य भी किया गया। सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के तहत राधोपुर यार्ड तथा कपरपूरा यार्ड पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं सहरसा यार्ड एवं लहेरियासराय यार्ड में लाइट ROB का निर्माण किया गया। साथ ही, जुब्बासह्नी एवं परमजीवर ताराजिवर के मध्य लेवल क्रॉसिंग को बंद कर LHS (Limited Height Subway) का निर्माण किया गया, जिससे रेल एवं सड़क यातायात दोनों की सुरक्षा में वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य एवं यात्री सुविधाओं में सुधार हेतु मंडल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर एवं स्त्री वार्ड का नवीनीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त मरेप्र भवन, वीआईपी लाउंज, स्टाफ कैंटीन, सामुदायिक भवन, लालित उद्यान एवं अन्य परिसरों का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समस्तीपुर में जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Water Recycling Plant) का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्र ने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। समस्तीपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की ये उपलब्धियाँ न केवल रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाती हैं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, अधिकारियों ने दिए बचाव के जरूरी टिप्स

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – मुसरीघरारी नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 4 में गुरुवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ज्योति कुमारी ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में आग से बचाव और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। ज्योति कुमारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नए भवनों का निर्माण नेशनल बिल्डिंग कोड और बिहार भवन उपविधि के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। साथ ही पुराने भवनों का समय-समय पर फायर ऑडिट कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग द्वारा जारी निर्देशों और सुझावों का पालन करने से आग की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भवनों में विद्युत भार के अनुरूप ही मानक तार और उपकरणों का उपयोग करना चाहिए। साथ ही समय-समय पर घरों की जांच करानी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जा सके। उन्होंने यह भी सलाह दी कि आवासीय और व्यावसायिक भवनों में फायर प्लान को आसानी से दिखाई देने वाली जगह पर लगाया जाए। रसोई गैस के उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि खाना बनाने के बाद चूल्हा बंद करने के साथ-साथ रेगुलेटर को भी बंद करना अनिवार्य है। यह छोटी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है। कार्यक्रम में क्या नहीं करें पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जलती हुई सिगरेट या बीड़ी के टुकड़े कहीं भी नहीं फेंकें। घरों और भवनों में ज्वलनशील पदार्थों का अनावश्यक भंडारण नहीं करें। प्रवेश और निकास मार्ग को किसी भी स्थिति में अवरुद्ध नहीं करें, ताकि आपातकाल में आसानी से बाहर निकला जा सके। साथ ही बिजली के तारों को खुला या झूलता हुआ नहीं छोड़ना चाहिए। इस मौके पर अग्निशमन विभाग के अरविंद कुमार सिंह, संतोष कुमार शर्मा, भरत कुमार, संदीप कुमार और गौरव कुमार मौजूद रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नगर पंचायत की मुख्य पार्षद दिव्या कुमारी, वार्ड पार्षद रमेश राय, फलिंदर राम और अमर कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, जिससे भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में भीषण आग से दो परिवार बेघर, लाखों का सामान जलकर राख

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। सरायरंजन प्रखंड के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत मुसरीघरारी के वार्ड संख्या 4 में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग से दो परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया। इस हादसे में पीड़ित परिवारों के घर, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड और राशन कार्ड सहित सभी सामान नष्ट हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभु पासवान पिता स्वर्गीय नेगर पासवान के घर में आग लगी, जिससे उनका आवासीय हिस्सा पूरी तरह जल गया। घर के सामने स्थित उनकी छोटी दुकान भी आग की चपेट में आ गई और उसमें रखा सारा सामान जलकर खत्म हो गया। वहीं दूसरी पीड़िता रसिया देवी पति स्वर्गीय दुक्खन पासवान का झोपड़ीनुमा घर भी आग से पूरी तरह नष्ट हो गया। उनके पास बचाने लायक कोई सामान नहीं बच पाया। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के समय किसी भी घर में खाना नहीं बन रहा था। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि सड़क किनारे स्थित घरों के पास किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई सिगरेट या बीड़ी से आग लगी हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि फलिंदर राम, अमर कुमार, रमेश राय और मोहम्मद अजमल ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग और मुसरीघरारी थाना को जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में पहुंची दमकल की टीम ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी निशांत कुमार को दी गई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को मौके पर भेजकर पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द प्रशासनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

समस्तीपुर

अपर मुख्य सचिव श्रीमती (डॉ०) एन विजयलक्ष्मी द्वारा जिला की महत्वपूर्ण सेवाओं एवं विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में श्रीमती (डॉ०) एन विजयलक्ष्मी , भा०प्र०से०, अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग-सह-प्रभारी सचिव, समस्तीपुर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एल०पी०जी०, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, प्रवासी श्रमिकों के हित और विभिन्न विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के मुख्य निर्णय एवं दिशा-निर्देश: LPG एवं पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता: प्रभारी सचिव ने जिला में एल०पी०जी० के स्टॉक, बैकलाग और वेटिंग टाइम की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसे सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने का आदेश दिया गया। PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कार्यान्वयन: जिले में पी०एन०जी० पाइपलाइन बिछाने और इसके कार्यान्वयन की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन की पहुंच सुलभ हो सके। बाजार नियंत्रण एवं EC Act का प्रवर्तन: आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) के तहत खाद्य पदार्थों की कीमतों की सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए। मुनाफाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित छापेमारी और बाजार अनुश्रवण करने को कहा गया ताकि आम जनता को उचित दर पर सामग्री मिल सके। प्रवासी श्रमिक एवं जन कल्याण: प्रवासी मजदूरों के हितों की सुरक्षा और उनके कौशल मैपिंग पर जोर दिया गया। प्रशासनी आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया। ‘दीदी की रसोई’ के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और इसे सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। कृषि एवं खाद की उपलब्धता: आगामी सीजन को देखते हुए उर्वरकों (खाद) की उपलब्धता की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने पिछले वर्षों के विक्रय प्रतिवेदन के आधार पर खाद की मांग और आपूर्ति का संतुलन बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि किसानों को समस्या न हो। संवाद एवं फेक न्यूज पर लगाम: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सक्रिय रहने का निर्देश देते हुए कहा गया कि दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक समाचारों (Fake News) का तत्काल खंडन करने और जिला कंट्रोल रूम को 24×7 प्रभावी ढंग से संचालित करने का आदेश दिया गया। प्रभारी सचिव का संदेश: “प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रशासनी सेवाओं का लाभ पहुँचाना है। किसी भी आवश्यक वस्तु की किल्लत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।” बैठक के अंत में जिला के अन्य विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह ,पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिका री उपस्थित थे।

समस्तीपुर

भव्य रासलीला ने मोहा ग्रामीणों का मन, कलाकारों ने बांधा समां

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। प्रखंड क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत बलभद्रपुर महिषी में अष्टजाम यज्ञ के समापन के उपलक्ष्य में भव्य रासलीला का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को जीवंत कर दिया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम का आयोजन “चक्का सहिलोरी रासलीला मंडली” द्वारा किया गया, जिसमें ‘सती बिहुला’ एवं ‘राजा गोपीचंद’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंच पर कलाकारों ने अपनी शानदार अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। स्टेज गायक सरोज यादव ने अपनी मधुर आवाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं कलाकार मुकेश मल्लिक, ललन राय, किस्टो, मुस्कान, सपना, मिठ्ठू और बादल ने विभिन्न किरदारों को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक तालियां बजाते रहे। संगीत पक्ष भी बेहद सशक्त रहा। नालवादक ब्रह्मदेव चौरसिया और ऑर्गन वादक छोटे मास्टर ने अपनी लय और ताल से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया, जिससे दर्शक झूम उठे। इस अवसर पर उपमुखिया अजय राय, छात्र जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें हरदेव राय, रामगुलाम राय, ब्रह्मदेव राय, किसून राय, पंकज कुमार, नीतेश कुमार, दिनेश राय, अवधेश राय, मिंकू राय, राजनारायण राय, सूरज राय, चंदू राम, अजीत राम, अरुण राय, चंदेश्वर राय, मंटुन राय, सुरेश राय, सुधीर कुमार, राकेश कुमार, राजेश राय, सेवक राय, रामउदित राय, गुलशन कुमार, बैजू राय, प्रकाश राय, भज्जू राय और शंभू राय सहित अन्य लोग शामिल थे। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि ग्रामीणों को सांस्कृतिक रूप से भी एकजुट करने का कार्य किया।

समस्तीपुर

बखरी बुजुर्ग में अष्टयाम महायज्ञ को ले ग्रामीणों की हुई बैठक, महायज्ञ को सफल बनाने को लिया गया निर्णय

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर । मुसरीघरारी नगर पंचायत के बखरी बुजुर्ग पंचायत के वार्ड -11 में श्री श्री 108 अष्टयाम महायज्ञ को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में 24 अप्रैल को शुरू होने वाले महायज्ञ को सफल बनाने पर विशेष रूप से चर्चा किया गया। महायज्ञ होने को लेकर बैठक में कमिटी गठित की गई है। जिसमें विष्णु राय को अध्यक्ष एवं सहदेव राय को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। जिसमें निर्णय लिया गया कि 24 एवं 25 अप्रैल को महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा जिसमें भव्य कलशयात्रा निकाले जाने की भी चर्चा किया गया। बैठक में संजय चौरसिया सुनील राय पंकज कुमार, संतोष कुमार, बिरजू पाल, राजा पाल, अरुण यादव, प्रिंस पाल, मंजय लाल राय, रितेश राय, नीतीश राय, नीतीश पाल, अखिलेश राउत सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

समस्तीपुर

प्राथमिक विद्यालय उदा पट्टी में शिक्षक विदाई समारोह, कंचन कुमारी को दी भावभीनी विदाई

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सरायरंजन प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय उदा पट्टी पूर्व टोला में सोमवार को शिक्षक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षिका कंचन कुमारी को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मियों ने उनकी सेवाओं को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई, जिसमें प्रधान शिक्षक ने कंचन कुमारी के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंचन कुमारी ने विद्यालय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उनके योगदान से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिली और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर शिक्षक शिवलाल महतो, प्रवीण कुमार सिंह राठौड़ एवं गायत्री देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कंचन कुमारी के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और छात्रों के प्रति उनके स्नेह को याद करते हुए कहा कि उनका जाना विद्यालय के लिए एक अपूरणीय क्षति है। विदाई समारोह के दौरान शिक्षकों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। कंचन कुमारी ने भी अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां बिताए गए पल उनके जीवन के सबसे यादगार क्षण रहेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं छात्रों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल भावुक हो गया और सभी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।

समस्तीपुर

अष्टयाम यज्ञ को लेकर निकाली गयी भव्य कलश यात्रा 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत बलभद्रपुर महिषी गांव में अष्टयाम यज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई।कलश यात्रा जोगी स्थान से प्रारंभ होकर कोठी घाट,सिंगयाही घाट होते हुए गांगमोहन बाबा केवल अखाड़ा घाट पर पहुंचा। तत्पश्चात सभी कन्याएं पूजा-अर्चना कर जल लेकर पुनः जोगी स्थान मंडप के निकट पहुंच कर अष्टयाम यज्ञ की शुरुआत हुई। कलश यात्रा में घोड़ा की मौजूदगी में भव्य झांकी सभी लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रहा था। काली दुर्गे राधेश्याम,गौरी शंकर सीता राम से पूरा गांव सरोबार है। कलश यात्रा में मुखिया राधा देवी, सरपंच अनीता देवी, जिला परिषद सदस्य संतोष साह, पूर्व जिला परिषद सदस्य हरेराम सहनी, छात्र जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार, उपमुखिया अजय राय,समाजसेवी उमेश सहनी,पो.हरदेव राय,रामगुलाम राय, ब्रह्मदेव राय, शंभू राय,पंकज कुमार, राजनरायण राय,भूषण राय,किसून राय,जवाहर राय, अवधेश राय, संतोष कुमार, वीरेन्द्र राय,भज्जू राय, सखीचंद राम, विशेश्वर राम, उमाशंकर राय, वकील राय, सुरेश राय, धर्मेंद्र राय,रंधीर कुमार,राजा यादव,लगनदेव राय,वैजनाथ राय समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

समस्तीपुर

प्राथमिक विद्यालय बखरी बुजुर्ग में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावक

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बखरी बुजुर्ग, वार्ड संख्या 2 में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम छात्र-छात्राओं के बीच वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अभिभावकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। अपने बच्चों का रिजल्ट जानने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधान शिक्षक महेश झा एवं वरिय शिक्षिका बेबी कुमारी ने अभिभावकों को परीक्षा प्रक्रिया और परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन, मूल्यांकन प्रणाली तथा पढ़ाई में सुधार के उपायों पर भी चर्चा की। शिक्षकों ने अभिभावकों को यह भी बताया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति और घर पर पढ़ाई का माहौल उनके बेहतर परिणाम के लिए कितना महत्वपूर्ण है। प्रधान शिक्षक महेश झा ने इस मौके पर अभिभावकों से विद्यालय के विकास के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की भागीदारी से ही विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है। अभिभावकों ने भी खुलकर अपने विचार रखे और बच्चों की पढ़ाई को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। बैठक में शिक्षक विकास प्रभाकर, दीपक कुमार यादव एवं वर्षा रानी सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय उपस्थिति रही। वहीं अभिभावकों में राधाकांत झा, सुरेंद्र झा, अमित पासवान सहित दर्जनों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की। इस तरह के आयोजन से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई गई।

समस्तीपुर

मैट्रिक मैट्रिक की परीक्षा में अव्वल आए छात्र-छात्राएं सम्मानित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायरंजन में इस बार अव्वल आए दो दर्जन छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से पाठ्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष उनके विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा में 125 छात्र– छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं में अस्मिता कुमारी (471), साक्षी कुमारी (461), मिसवा कुमार (448), सोनू कुमारी (444),अंकिता कुमारी (434), पल्लवी कुमारी (423 ), नियति कुमारी (423), रिचा कुमारी (423), नितिन कुमार (411),रागिनी कुमारी (407), आराध्या कुमारी (404) के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के अलावा सभी शिक्षक– शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top