Kanpur Fire: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर में रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में माता-पिता और उनकी तीन बेटियां शामिल हैं. हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
फैक्ट्री में लगी आग बनी मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, इमारत की पहली और दूसरी मंजिल पर जूता-चप्पल बनाने की फैक्ट्री थी जहां से आग भड़की और कुछ ही मिनटों में तीसरी और फिर चौथी मंजिल तक फैल गई. इस दौरान मोहम्मद दानिश (45), उनकी पत्नी नाजमी सबा (42), और बेटियां सारा (15), सिमरा (12) और इनाया (7) चौथी मंजिल पर फंसे रह गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई.
दमकल की 10 गाड़ियां, 70 से ज्यादा फायर फाइटर्स जुटे
दमकल विभाग को सूचना मिलते ही 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन में 70 से अधिक दमकलकर्मी लगे और आग पर काबू पाने में करीब 7 घंटे का वक्त लगा. लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम भी देर रात पहुंच गई थी.
#WATCH | Kanpur, UP | Rescue operations continue at the building where a fire broke out in the Chaman Ganj area of the city. SDRF and police officials are at the spot. pic.twitter.com/IAj4atSyQ4
— ANI (@ANI) May 4, 2025
सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, फैक्ट्री में मौजूद केमिकल ने बढ़ाई आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी और करीब 20 मिनट में चौथी मंजिल तक पहुंच गई. इस दौरान तीन तेज धमाके भी सुनाई दिए जिससे सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है. फैक्ट्री में मौजूद डेंड्राइड और पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग बार-बार भड़कती रही.
हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से हुआ रेस्क्यू
संकरी गलियों और ऊंची इमारत के चलते शुरू में बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. बाद में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाया गया और कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस ने आसपास की छह इमारतों को खाली करवा लिया है.
The post Kanpur Fire: 7 घंटे की मशक्कत, लेकिन धुएं में बुझ गई एक पूरा परिवार की जिंदगी, 5 की मौत appeared first on Naya Vichar.

