Rahul Gandhi on Modi’s foreign policy : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी प्रशासन की विदेश नीति को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि विदेश नीति का मतलब दूसरे देशों के नेताओं से दोस्ती या उन्हें गले लगाना नहीं है, बल्कि हिंदुस्तान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है. कांग्रेस के रचनात्मक राष्ट्रीय सम्मेलन में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश जाते हैं तो उनकी भूमिका दोस्ती निभाने की नहीं, बल्कि देश के हितों को आगे रखने की होती है.
इंदिरा गांधी का किस्सा सुनाया
राहुल गांधी ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि बचपन में वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ अमेरिका गए थे. उस दौरान इंदिरा गांधी एक आधिकारिक डिनर में शामिल हुई थीं. राहुल के मुताबिक, लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने सोनिया गांधी से कहा था कि अमेरिकी लोग उन्हें मूर्ख समझ रहे हैं. राहुल ने बताया कि इंदिरा गांधी ने इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी नैन्सी रीगन की साड़ी के रंग से मिलते-जुलते कपड़े पहनने को बताया था. राहुल ने इस किस्से के जरिए कहा कि अंतरराष्ट्रीय रिश्तों में दिखने वाली गर्मजोशी से ज्यादा महत्वपूर्ण देश का हित होता है.
RSS पर भी राहुल गांधी का हमला
राहुल गांधी ने अपने भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने दावा किया कि RSS पहले छोटे कारोबारियों, सुनारों और ज्वेलर्स जैसे वर्गों से जुड़ा हुआ था, लेकिन अब बड़े पूंजीपतियों के प्रभाव में आ गया है. उन्होंने कहा कि उनके मुताबिक RSS का पुराना स्वरूप अब खत्म हो चुका है और वह बड़े पूंजी के एक साधन के रूप में काम कर रहा है.
‘हिंदुस्तान को आज समझना होगा’
कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान को समझने के लिए सिर्फ उसके पुराने इतिहास को देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आज के हिंदुस्तान और उसकी आवाज को समझना जरूरी है. उन्होंने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हिंदुस्तान को उसके मौजूदा स्वरूप और लोगों की अभिव्यक्ति से जोड़कर नहीं देखते, वे हिंदुस्तान को सही मायने में नहीं समझ सकते.
Also read : राहुल गांधी का मोदी-शाह पर हमला- ‘हम इनको पागल कर देंगे’, बोले- ’20 दिन कहां थे अमित शाह?’
The post PM मोदी की विदेश नीति पर राहुल गांधी का तंज, बोले- ‘नेताओं को गले लगाना विदेश नीति नहीं’ appeared first on Naya Vichar.

