खरसावां.
खरसावां के दितसाही में नये सत्र में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय शिफ्ट हो जायेगा. नये भवन में नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी. भवन निर्माण पर करीब 2.23 करोड़ खर्च हुए हैं. झारखंड शिक्षा परियोजना पर्षद की ओर से दितसाही में स्कूल का नया तीन मंजिला भवन बनाया गया है. स्कूल परिसर में बच्चों के रहने से लेकर पठन-पाठन तक की सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. नये बेंच-डेस्क की भी व्यवस्था की गयी है. नये स्कूल भवन में 15 दिनों के भीतर बिजली का कनेक्शन कर दिया जायेगा.
पुराने कैंपस में जमीन पर बैठकर पढ़ने को विवश थे शिशु
वर्तमान में खरसावां के तलसाही में आदर्श प्राथमिक विद्यालय के पुराने भवन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का संचालन हो रहा है. पुराने कैंपस में सुविधाओं की काफी कमी है. स्कूल के संचालन के लिए आठ कमरे उपलब्ध कराये गये हैं. इसमें से तीन कमरों में शिशु पढ़ाई करते हैं. जबकि पांच कमरों में रहते हैं. कक्षा दो से 10 तक के लिए 137 बच्चों का नामांकन हुआ है. स्कूल में दो प्रशासनी व एक सहायक प्राध्यापक (पारा शिक्षक) की प्रतिनियुक्त कर पढ़ाई हो रही है. फिलहाल, स्कूल में बेंच-डेस्क नहीं रहने से जमीन पर बैठकर पढ़ने को विवश हैं. स्कूल में पानी की भी समस्या है.
अनाथ व मानव तस्करी के शिकार बच्चों के लिए खुला है स्कूल
आवासीय विद्यालय का संचालन समाज की मुख्यधारा से भटके परिवार के बच्चों, नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चों, अनाथ व मानव तस्करी के शिकार बच्चों की शिक्षा के लिए हो रहा है. राज्य में कुल 26 आवासीय विद्यालय संचालित हैं. स्कूल में फिलहाल कक्षा एक से 10वीं तक की पढ़ाई होती है. जानकारी के अनुसार, विगत वर्ष अक्तूबर में समग्र शिक्षा अभियान की मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य कार्यकारिणी समिति ने बैठक में विद्यालय को 12वीं तक अपग्रेड करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है. आने वाले समय में स्कूल में भी 12वीं तक की पढ़ाई की योजना है.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post seraikela kharsawan news: दितसाही में 2.23 करोड़ से तीन मंजिला स्कूल भवन तैयार, नये सत्र में शिफ्ट होगा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय appeared first on Naya Vichar.

