Indian Idol 16 Winner Jyotirmayee Nayak: ‘इंडियन आइडल 16’ को अपना विजेता मिल गया है. ग्रैंड फिनाले का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह पल बेहद खास रहा. ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने ‘इंडियन आइडल 16’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. वहीं जबलपुर के तनिष्क शुक्ला पहले रनर-अप रहे. 24 वर्षीय ज्योतिर्मयी ने फिनाले में ‘सैयां ओ सैयां’ गाने पर परफॉर्मेंस दी. ट्रॉफी के साथ उन्हें 20 लाख की प्राइज मनी भी दी गई. शो जीतने के बाद ज्योतिर्मयी ने अपने आगे की प्लानिंग बताई.
ज्योतिर्मयी नायक ने कहा- ‘इंडियन आइडल 16’ जीतना किसी सपने के सच होने जैसा है
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा,
“‘इंडियन आइडल 16’ जीतना किसी सपने के सच होने जैसा है. ऑडिशन में सिर्फ एक सपना लेकर आई थी और आज विजेता बनकर खड़ी हूं. इस सफर ने मुझे सिर्फ बेहतर सिंगर ही नहीं, बल्कि बेहतर इंसान भी बनाया है. यहां मिली हर सीख मैं हमेशा याद रखूंगी.”
आगे क्या है सपना?
ज्योतिर्मयी नायक फिलहाल इस जीत को महसूस करना चाहती हैं. उन्होंने कहा,
“शो अभी-अभी खत्म हुआ है. मुझे अभी तक ठीक से सोने का भी समय नहीं मिला. पहले मैं इस पल को महसूस करना चाहती हूं और समझना चाहती हूं कि मैं सच में जीत गई हूं. लेकिन अब मेरे ऊपर बड़ी जिम्मेदारियां भी आ गई हैं.”
उन्होंने अपने भविष्य के सपनों के बारे में भी खुलकर बात की. ज्योतिर्मयी ने बताया कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह के साथ किसी ओरिजिनल गाने में काम करने की है. इसके अलावा वह आलिया भट्ट के लिए प्लेबैक सिंगिंग करना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि वह आलिया की एक्टिंग की बड़ी फैन हैं. अगर कभी किसी बायोपिक में गाने का मौका मिले, तो वह महान गायिका आशा भोसले की बायोपिक के लिए अपनी आवाज देना पसंद करेंगी.
Indian Idol 16 Grand Finale: फिनाले में कौन-कौन आया था?
”इंडियन आइडल 16′ का ग्रैंड फिनाले स्टार्स से जगमगाता नजर आया. शो में जज श्रेया घोषाल और बादशाह ने अपनी मौजूदगी से माहौल बना दिया. वहीं, उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर जैसे सितारों ने भी फिनाले की इस खास शाम को और यादगार बना दिया. ज्योतिर्मयी ने फाइनल मुकाबले में अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, माइस्कमे बोसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला को पीछे छोड़कर यह खिताब अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें: इंडियन आइडल 16 की विनर बनीं ज्योतिर्मयी नायक, शानदार सिंगिंग से जीता देश का दिल
The post ‘इंडियन आइडल 16’ जीतते ही ज्योतिर्मयी नायक ने बताई आगे की प्लानिंग, बोलीं- आलिया भट्ट के लिए गाना चाहती हूं appeared first on Naya Vichar.

