Gaya Ji News (अजीत कुमार की रिपोर्ट): बिहार के गया जी जिले से एक ऐसी अनोखी और हैरान कर देने वाली शादी का मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शहनाई तो बजी, सात फेरे भी हुए, दूल्हे ने दुल्हन की मांग भी भरी, लेकिन सुबह विदाई की बेला आते-आते जो हुआ उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. शादी के कुछ ही घंटे बाद नई-नवेली दुल्हन अपने पूरे परिवार के साथ अचानक गायब हो गई. अब इस अजब-गजब ‘मैरिज और धोखे’ की कहानी की चर्चा पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई है.
राजस्थान से आई थी बारात
पूरी कहानी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है. दरअसल, राजस्थान के टोंक जिला के रहने वाले संजय पटवा सोमवार की रात बड़े अरमानों के साथ सेहरा सजाकर, बारात लेकर गया जी के दरियापुर गांव पहुंचे थे. शादी वाले घर में बारातियों का स्वागत हुआ. रस्में शुरू हुईं और दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें भी खाईं. पीड़ित दूल्हे का आरोप है कि शादी के फेरों से ठीक पहले दोनों पक्षों के बीच तयशुदा मोटी रकम का लेन-देन हुआ था. दूल्हे राजा ने अपनी होने वाली दुल्हनिया को बड़े चाव से सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, ढोलना सहित शादी के कीमती कपड़े और भारी-भरकम सामग्रियां भेंट की थीं.

ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे रुपये
बात सिर्फ गहनों और कपड़ों तक ही सीमित नहीं रही. दूल्हे पक्ष की ओर से दुल्हन परिवार के बताए गए एक मोबाइल नंबर पर बकायदा 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे. सोमवार की पूरी रात हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह की सभी रस्में बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुईं. दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मंगलवार की सुबह दुल्हन की विदाई का मुहूर्त तय किया गया था. शादी की रस्में खत्म होने के बाद थक-हारकर दूल्हा और उसके साथ आए मेहमान गांव में ही एक निर्धारित जगह पर आराम करने चले गए, ताकि सुबह उठकर नई दुल्हन को विदा करा सकें.
सुबह लगा मिला बड़ा ताला
असली ‘क्लाइमेक्स’ मंगलवार की सुबह देखने को मिला. सुबह जब विदाई की तैयारियां शुरू हुईं और दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन को लेने उसके घर की तरफ बढ़े, तो स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें एक ऐसी समाचार दी कि दूल्हे के पैरों तले जमीन ही खिसक गई. ग्रामीणों ने बताया कि दुल्हन के पूरे घर में बड़ा सा ताला लटका हुआ है. जब दूल्हा और उसके परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे, तो देखा कि घर के सभी सदस्य, रिश्तेदार और खुद दुल्हन कीमती गहने और कैश समेटकर गायब हो चुके थे. इसके बाद शादी की खुशियां पल भर में हंगामे और सन्नाटे में बदल गईं.

दूल्हे ने दर्ज कराई शिकायत
चारों तरफ ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़ित दूल्हे ने तुरंत पुलिस की इमरजेंसी हेल्पलाइन डायल 112 पर कॉल करके इस बड़ी धोखाधड़ी की सूचना दी. इसके बाद पीड़ित दूल्हा और उसके परिजन सीधे बेलागंज थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. इस दिलचस्प और हैरान करने वाले मामले पर बेलागंज के थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित दूल्हे की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: नदरपुर में 17 जून को पैक्स चुनाव, अध्यक्ष पद पर 4 प्रत्याशी मैदान में, 11 जून को नाम वापसी
The post गया जी: रातभर चली शादी की रस्में, विदाई से पहले नकदी-जेवर ले फरार हुई दुल्हन, जानें फिर क्या हुआ? appeared first on Naya Vichar.

