गिरिडीह से राकेश सिन्हा की रिपोर्ट
Giridih Road Accident: झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित इसरी बाजार में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाजार क्षेत्र में कई वाहनों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
बाजार में घुसा बेकाबू ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में था. अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे इसरी बाजार में घुस गया. ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान सड़क से गुजर रहे कई लोग भी इसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना के बाद कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय बाजार में काफी भीड़ थी, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए.
राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने घटनास्थल को खाली कराया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: अनगड़ा के चमघाटी में धान लदा ट्रक पेड़ से टकराया, केबिन में फंसा चालक गंभीर
इलाके में तनाव, जांच जारी
भीषण हादसे के बाद इसरी बाजार और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए थे. पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है और ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच होगी. स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को 25 साल की सजा, अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला
The post गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा, पांच की मौत, 20 घायल appeared first on Naya Vichar.

