नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– मंत्री, परिवहन विभाग, बिहार प्रशासन सह प्रभारी मंत्री, समस्तीपुर जिला श्री दामोदर रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में जिला नागरिक परिषद की प्रथम बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
बैठक के प्रारंभ में जिला नागरिक परिषद के अध्यक्ष सह प्रभारी मंत्री का स्वागत किया गया। इसके साथ ही परिषद के सभी सदस्यों, उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में माननीय प्रभारी मंत्री श्री दामोदर रावत ने कहा कि जिला नागरिक परिषद का गठन शासन, प्रशासन एवं आमजन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसहभागिता के माध्यम से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से प्रशासनी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, जनअपेक्षाओं एवं विकास संबंधी सुझावों से प्रशासन को अवगत कराते हुए विकास कार्यों की निगरानी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में रचनात्मक भूमिका निभाएँ। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला नागरिक परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप परिषद के सदस्यों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनी सेवाओं का लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री राजेश सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से जिला नागरिक परिषद के गठन का उद्देश्य, इसकी कार्यप्रणाली, परिषद के सदस्यों की भूमिका एवं दायित्व तथा जनहित से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उनके संभावित योगदान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद शासन एवं समाज के मध्य संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है तथा इसके माध्यम से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं एवं लोकसेवाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में परिषद के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न जनहित के विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। माननीय प्रभारी मंत्री ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा कहा कि जिला नागरिक परिषद को जनसरोकारों के समाधान का प्रभावी मंच बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जिला नागरिक परिषद के अध्यक्ष माननीय मंत्री, परिवहन विभाग, बिहार प्रशासन सह प्रभारी मंत्री, समस्तीपुर जिला श्री दामोदर रावत हैं। परिषद के उपाध्यक्ष श्री वृंद शाह एवं श्री सुनील कुमार हैं। परिषद के अन्य सदस्यों में श्री अनिल कुमार सिंह ‘बाबा’, श्रीमती प्रेमलता, श्री प्रेम पासवान, श्री रणजीत कुमार, श्री छेदीलाल भरतिया, श्री मोहम्मद तौहीद अंसारी, श्रीमती रूपांजलि, श्री मोहन मल्लिक, श्री राकेश कुमार राज, श्री विशुनदेव सिंह एवं श्री बैजनाथ झा शामिल हैं।
बैठक में माननीय विधायक, रोसड़ा श्री वीरेंद्र कुमार, माननीय विधायक, समस्तीपुर श्रीमती अश्वमेघ देवी, माननीय महापौर, नगर निगम समस्तीपुर श्रीमती अनीता राम, जिले के सभी नगर परिषदों के अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन जिला नागरिक परिषद के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा समन्वित एवं सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।