Bihar Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के समर्थकों ने प्रोटेस्ट किया. इसके बाद झारखंड के रांची में छात्रों ने अनशन किया. दोनों ही जगह प्रशासन को छात्रों की बातें माननी पड़ी. ऐसे में दिल्ली और रांची के बाद अब बिहार की बारी है. पटना में अभ्यर्थियों का आंदोलन शुरू होने वाला है. बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष और छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा.
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन होगा तेज
जानकारी के मुताबिक, छात्र नेताओं ने कहा है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. अभ्यर्थी बीपीएससी टीआरई-4 का नोटिफिकेशन जारी किए जाने, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का इस्तीफा समेत कई मांगों को लेकर महाआंदोलन करेंगे. ऐसे में आज पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों का जुटना शुरू हो गया है. अभ्यर्थियों के धरने को ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ नाम दिया गया है.
लालू प्रसाद ने की ये अपील
इस बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद अभ्यर्थियों के साथ आ गए हैं. उन्होंने 19 अगस्त को अभ्यर्थियों से एकजुट होने की अपील की है. लालू प्रसाद ने एक्स पर लिखा, ‘समस्त छात्र-युवा शक्ति पेपरलीक, बदहाल शिक्षा प्रणाली, पक्षपातपूर्ण बहाली प्रक्रिया और बेरोजगारी से त्रस्त है. लूट तंत्र से बनी दंभी प्रशासन उनकी लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय AK-47 से गोलियां बरसाती है, यह अन्यायपूर्ण है. इस तानाशाही के विरुद्ध सभी 19 अगस्त को पटना में एकजुट हो.’
तेजस्वी यादव ने किया था ऐलान
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी 19 अगस्त को धरना देने की बात कही थी. तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था, RJD 19 अगस्त को पटना में मार्च निकालेगा. यह मार्च वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी मुख्यालय से लोकभवन तक जाएगा. तेजस्वी यादव ने यह भी कहा था कि मार्च में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ता शामिल होंगे. उन्होंने साफ कहा कि बिहार को पुलिसिया स्टेट नहीं बनने दिया जाएगा.
ये सभी हैं अभ्यर्थियों की मांगे
जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में BPSC TRE-4 विज्ञापन, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे, BSSC Exam Date, लाइब्रेरियन बहाली, BET, दारोगा, सिपाही, BSSC सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग शामिल है.
बिहार की अन्य ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें
छात्र नेता दिलीप कुमार ने क्या कहा?
छात्र नेता दिलीप कुमार ने पिछले दिनों कहा था कि प्रशासन और शिक्षा विभाग की तरफ से BPSC TRE-4 भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने के लिए सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है. लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया. नोटिफिकेशन जारी होने में देरी से अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी है.
साथ ही छात्र नेता ने BPSC TRE-4 की परीक्षा के पैटर्न में बदलाव का विरोध किया. पहले सिर्फ एक पीटी की परीक्षा होती थी, लेकिन अब मेंस भी देना पड़ेगा. ऐसे में उनका कहना है कि नए पैटर्न से परीक्षा की शुरुआत BPSC TRE-5 से की जानी चाहिए. ऐसे में इन मांगों को लेकर क्या कुछ प्रशासन की तरफ से कदम उठाए जाते हैं, यह देखने वाली बात होगी.
Also Read: बिहार में 1500 करोड़ का रोड प्रोजेक्ट, इन 3 जिलों में 1262 किमी सड़कों की बदलेगी तस्वीर, जानिए कब शुरू होगा काम
The post दिल्ली-रांची के बाद बिहार की बारी, आज से अभ्यर्थी करेंगे महाआंदोलन, लालू प्रसाद बोले- तानाशाही के खिलाफ एकजुट हो appeared first on Naya Vichar.

