पुलिस ने छापेमारी कर घर से की 8 लीटर देसी शराब बरामद
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : शराब बंदी कानून लागू हुए 10 साल से अधिक हो गये । उसके बाद भी लोग शराब का कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस लगातार कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेजती है। लेकिन उसके बाद भी कारोबारियों में प्रशासन का खौफ खत्म हो गया है। इसका कारण कहीं ना कहीं कारोबारी के ऊपर बैठे बड़े-बड़े रसूखदारों का आशीर्वाद होता है। जिसके कारण पुलिस द्वारा जेल भेजने के बाद उन्हें तुरंत छुड़ा लिया जाता है। इसकी वजह से अवैध कारोबार समाज में तेजी से फल फूल रहा है। इसी तरह का मामला घटहो थाना क्षेत्र के खजुरी पंचायत की मुखिया के घर पुलिस ने छापेमारी कर देसी शराब बरामद किया है। साथ में इस कारोबार में संलिप्त मुखिया के पति को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार मुखिया पति की पहचान खजुरी पंचायत की वर्तमान मुखिया मीना देवी के पति रामविलास महतो के रूप में की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रजनीश रंजन ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुखिया पति के द्वारा अवैध रूप से देसी शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात में पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर से 8 लीटर देसी शराब बरामद किया गया। साथ में कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछ-ताछ के पश्चात मुखिया पति को बुधवार को न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धंधे में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
