आशीष कुंदन
Deoghar: देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है. मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के पास गुप्त सूचना पर की गयी छापेमारी में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला के दो सप्लायर और देवघर के दो स्थानीय रिसिवर शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,49,300 रुपये नकद, एक आई-टेन कार, एक मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
बंगाल से आए थे बेचने वाले
एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 17 मई की रात करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे हैं और डील होने वाली है. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी करायी गयी. छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला अंतर्गत दुबराजपुर थाना क्षेत्र निवासी शेख इस्ताजुल और मीर समद एक काले रंग की आई-टेन कार से पहुंचे थे.
बाइक और कार भी जब्त
दूसरी ओर, देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के लातेसार गांव निवासी रोहित कुमार और नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी निरज कुमार महथा बाइक से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे. पुलिस ने मौके पर चारों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान दो पैकेट में रखी गयी ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 102.14 ग्राम पाया गया. बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गयी है. इसके अलावा आरोपियों के पास से 1,49,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक आई-टेन कार और एक बाइक भी जब्त की गयी है.
और लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला से सड़क मार्ग के जरिये ब्राउन शुगर लाकर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था. इसके बाद स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे पुड़ियों में बांटकर इसकी बिक्री की जाती थी. गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य सप्लायरों और कारोबारियों के नाम सामने आये हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिये लगातार छापेमारी कर रही है.
काफी संगठित तरीके से होता था नशे का कारोबार
पुलिस ने आगे बताया कि नशे के इस नेटवर्क का संचालन काफी संगठित तरीके से किया जा रहा था. सप्लायर पश्चिम बंगाल से कार के माध्यम से खेप लेकर पहुंचते थे, जबकि स्थानीय रिसिवर विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति करते थे. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम जानकारी सामने आ सकती है. इस कार्रवाई में एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के एसआइ प्रियरंजन कुमार, एसआई श्वेत प्रकाश दूबे, घासीराम मार्डी, एएसआई सुरेश कुमार रवानी, मुकेश कुमार सिंह, राकेश कुमार रंजन और तकनीकी शाखा के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार, प्रभात कुमार, पुलिसकर्मी रामकुमार साह व लक्ष्मण गोप शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है.
दो स्थानीय रिसिवरों का है आपराधिक इतिहास
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नीरज कुमार महथा पर नगर थाना में पांच मामले दर्ज हैं. वहीं, रोहित कुमार के खिलाफ साइबर थाना व मोहनपुर थाना में दो मामला दर्ज है. दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद दोनों ने फिर से नशे के कारोबार में सक्रियता शुरू कर दी थी. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
गिरफ्तार शेख इस्ताजुल ने उगले कई राज
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार शेख इस्ताजुल ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर देवघर आया था. उसने एक पैकेट नीरज कुमार महथा को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था, जबकि रोहित कुमार को ब्राउन शुगर देनी थी, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण एक पैकेट उसके पास ही रह गया, जो बरामद हुआ. इस्ताजुल ने बताया कि आई-10 कार शेख मोजामिल की है, जिसने उसे और मीर समद को ब्राउन शुगर पहुंचाने के लिए दी थी. उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी कई बार वे ब्राउन शुगर बेचने आ चुके हैं. मीर समद ने भी पूछताछ में इसकी पुष्टि की. रोहित कुमार ने बताया कि वह ब्राउन शुगर खरीदने आया था. नीरज कुमार महथा ने बताया कि वह शेख मोजामिल से अक्सर ब्राउन शुगर खरीदता है. उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस धंधे में शामिल है और कई बार जेल भी जा चुका है.
ब्राउन सुगर बेचने व सेवन करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ब्राउन शुगर बेचने वाले छोटे विक्रेताओं सहित पीने वालों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी कर चुकी है. बहुत जल्द इलाके में घूमकर पुलिस ऐसे तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का रोडमैप तैयार कर चुकी है.
ये भी पढ़ें…
बाबा दरबार पहुंचीं झरिया विधायक, कहा : राज्य में विकास कार्यों पर लगा ब्रेक
Deoghar News : मथुरापुर में सात घंटे का रेलवे ट्रैफिक ब्लॉक, आठ ट्रेनें रद्द, कई घंटों विलंब से चलीं
The post नशे के नेटवर्क पर देवघर पुलिस का बड़ा प्रहार, 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ 4 गिरफ्तार appeared first on Naya Vichar.

