Begusarai Martyr Manish Daughter : बेगूसराय जिले के रतनपुर गांव के शहीद मनीष का आज सिमरिया घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई. इस दौरान उनकी मासूम बेटी की एक बात ने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया.
पिता का जिक्र आया तो बच्ची ने मासूमियत से कहा, “पापा ठीक हैं, पापा हमसे बहुत प्यार करते हैं.” बेटी के मुंह से निकले ये शब्द सुनकर आसपास का माहौल गमगीन हो गया.
बच्ची के लिए उसके पापा आज भी उसके अपने हैं. उसे शायद पिता के हमेशा के लिए दूर चले जाने की पूरी समझ नहीं है, लेकिन उनके प्रति उसका प्यार और भरोसा साफ दिखाई देता है. यही मासूमियत वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर गयी. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है और जिसने भी देखा, वो भावुक हो जा रहा है.
पिता की याद में मासूम चेहरे पर दिखा भरोसा
शहीद मनीष की बेटी के लिए पिता का प्यार उसकी सबसे बड़ी याद है. छोटी उम्र में भी वह पापा को लेकर जिस विश्वास के साथ बात कर रही थी, उसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया.
रतनपुर के लोगों के लिए मनीष की शहादत गर्व का विषय है, लेकिन परिवार के लिए उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती. बेटी की मासूम बातें इसी दर्द को और गहरा कर देती हैं.
मनीष के परिवार में पत्नी रीना कुमारी और दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी 13 वर्षीय मुस्कान गौतम नौवीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि छोटी बेटी दीक्षा गौतम चार साल की है और प्ले स्कूल जाती है.
पिता के पार्थिव शरीर के सामने दीक्षा बार-बार उन्हें वापस लाने की बात कहती रही. उसकी मासूम पुकार सुनकर वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके. किसी के पास उस छोटी बच्ची को यह समझाने के लिए शब्द नहीं थे कि उसके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे.
पत्नी और बेटी ने दिया जवान को कंधा
मनीष कुमार सिंह की अंतिम यात्रा का दृश्य भी बेहद भावुक रहा. पत्नी रीना कुमारी ने अपने पति के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी. वहीं बड़ी बेटी मुस्कान गौतम ने भी पिता के पार्थिव शरीर को कंधा दिया.
मां और बेटी को पति और पिता को अंतिम विदाई देते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें छलक उठीं. परिवार के लिए यह ऐसा पल था, जिसकी पीड़ा शायद जीवनभर उनके साथ रहेगी.
2004 में BSF में हुए थे भर्ती मनीष
परिजनों के अनुसार, मनीष कुमार सिंह वर्ष 2004 में बीएसएफ की 157वीं बटालियन में भर्ती हुए थे. इसके बाद से वह लगातार देश की सेवा में जुटे रहे. वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में थी.
ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था. इसी दौरान उनका निधन हो गया. जवान की मौत की समाचार मिलते ही रतनपुर में शोक की लहर दौड़ गई. सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पैतृक आवास पहुंचने लगे.
अन्य समाचारें पढ़ें :
तिरंगे में लिपटकर लौटा BSF जवान, 4 साल की बेटी बोली- पापा को हॉस्पिटल से वापस लाइये, सिमरिया घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
जम्मू कश्मीर में तैनात बेगूसराय के BSF जवान मनीष सिंह की मौत, चार दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत, वेंटिलेटर पर गई जान
The post ‘पापा ठीक हैं, हमसे बहुत प्यार करते हैं’, BSF जवान की मासूम बेटी के वीडियो ने सबको रुलाया appeared first on Naya Vichar.

