रांची. कैंसर मरीजों से मनमाना पैसा वसूलने की समाचार नया विचार में प्रकाशित होने के बाद रिम्स प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की थी. रिम्स की आंतरिक कमिटी ने जांच में पाया है कि कैंसर भवन में दवा प्रतिनिधियों और दलालों की दखलअंदाजी है. इसमें रिम्स के कुछ कर्मियों की संलिप्तता का अंदेशा भी जताया गया है. ऐसे में जांच कमिटी ने पूरे कैंसर भवन में सुरक्षा कर्मियों और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया है.
जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव
जांच कमिटी ने प्रबंधन से यह भी आग्रह किया है कि ऐसी जीवनरक्षक दवाओं की सूची तैयार की जाये, जो रिम्स की फार्मेसी में उपलब्ध नहीं हैं. इन दवाओं को जन औषधि और अमृत फार्मेसी में उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है, ताकि मरीजों को जरूरी दवाएं आसानी से मिल सकें.
दवाओं की कीमत में अंतर का फायदा उठाते हैं दलाल
जानकारों ने बताया कि दलाल दवाओं की खरीद कीमत और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के बीच भारी अंतर का फायदा उठाते हैं. इससे उन्हें मरीजों के परिजनों से अधिक पैसे वसूलने का मौका मिलता है.
बता दें कि नया विचार के 3 दिसंबर के अंक में कैंसर की दवाओं के लिए चार गुना तक पैसा वसूलने से संबंधित समाचार प्रकाशित की गयी थी. इसके बाद रिम्स प्रबंधन ने अधीक्षक डॉ. हिरेंद्र बिरुआ की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की थी. टीम में चार सदस्यों को शामिल किया गया था और एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया था.
ये भी पढ़ें: 70 साल से मां दुर्गा की पूजा, 37 साल से मुस्लिम अफरोज आलम हैं संरक्षक! रांची के इस मंदिर की कहानी जीत लेगी दिल
कैंसर भवन में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी
कैंसर मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंसर भवन में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने पर विचार किया जा रहा है. इसके लिए कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली दवाओं की सूची तैयार कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना है.
वहीं, दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से इस सूची के आधार पर दवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया जायेगा. इससे कैंसर मरीजों को कम कीमत पर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: जाम में फंसे नगर आयुक्त तो एक घंटे में पहुंचीं 5 JCB! डोरंडा बाजार में 2 घंटे चला बुलडोजर, 50 से ज्यादा निर्माण ध्वस्त
The post नया विचार का असर: रिम्स के कैंसर भवन में बढ़ेगी सुरक्षा, दवा दलालों की दखलअंदाजी रोकने की तैयारी appeared first on Naya Vichar.

