Hot News

प्रभारी सचिव ने कंट्रोल रूम में बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की

प्रत्येक व्यवस्था के लिए पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने का निर्देश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– प्रभारी सचिव, समस्तीपुर-सह-सचिव, भवन निर्माण विभाग श्री प्रणव कुमार द्वारा जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ रसूलपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत कंट्रोल रूम में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों एवं उससे निपटने की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों के विस्थापन की स्थिति में आश्रय स्थलों की तैयारी, वहां मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा कम्युनिटी किचन के सुचारू संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आश्रय स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की देरी न हो।

आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में उपलब्ध संसाधनों, मानव बल एवं त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था की जानकारी ली गई। सभी आवश्यक संसाधनों को कार्यशील एवं तैयार अवस्था में रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत जीवन रक्षक एवं अन्य महत्वपूर्ण दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की समीक्षा की गई। सिविल सर्जन को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इसी प्रकार पशुओं के लिए चारा एवं आवश्यक पशु चिकित्सा दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। पशुपालन पदाधिकारी को पर्याप्त चारा एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में वितरण की व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक में पॉलिथीन शीट्स की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जरूरतमंद परिवारों को समय पर पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने तथा उपलब्ध स्टॉक का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रभारी सचिव ने राहत एवं बचाव से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्य के लिए संबंधित पदाधिकारी की स्पष्ट जवाबदेही निर्धारित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों की नियमित समीक्षा करें और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जलस्तर की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह एवं बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यक सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों एवं तटबंधों पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

अनुमंडल पदाधिकारी को अनुमंडल स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखने तथा जिला स्तर पर 24×7 कार्यरत जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) के माध्यम से स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग एवं विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से आमजनों को लगातार जागरूक किया जा रहा है तथा आवश्यक सावधानियों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।

प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में तत्परता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top