जमशेदपुर : बेहतर रोजगार और योग के जरिये परिवार का भविष्य संवारने वियतनाम गये झारखंड के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गयी. इनमें रांची के राजा कुमार और जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर के रहने वाले विनय यादव शामिल हैं. दोनों वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे. करीब दो साल से वहां योग सिखाकर परिवार का सहारा बने हुए थे. लेकिन, 25 सितंबर को हुए सड़क हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया.
स्कूटी से लौट रहे थे तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को योग की कक्षा खत्म करने के बाद राजा और विनय स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गये. हादसे में रांची के राजा कुमार की उसी दिन मौत हो गयी. वहीं, गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के विनय यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां इलाज के दौरान 26 सितंबर को उनकी भी मौत हो गयी. अब दोनों परिवार वियतनाम से शव हिंदुस्तान आने का इंतजार कर रहे हैं.
कदमा के शास्त्रीनगर के रहने वाले थे विनय
जमशेदपुर के विनय यादव कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर के रहने वाले थे. करीब दो साल पहले योग शिक्षक के रूप में काम करने वियतनाम गये थे. 25 सितंबर को हुए हादसे में परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता शव को जल्द घर लाने और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने की है. रिपोर्ट के अनुसार, विनय के शव को हिंदुस्तान लाने में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान है.
परिवार के लिए सहारा बने थे दोनों युवक
रांची के राजा कुमार भी योग प्रशिक्षण लेकर वियतनाम पहुंचे थे और वहां योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे. उन्होंने करीब चार वर्ष तक योग की ट्रेनिंग ली थी. परिवार के अनुसार, राजा नियमित रूप से घर पैसे भेजते थे. वहीं, विनय भी परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के उद्देश्य से वियतनाम में काम कर रहे थे. दोनों युवकों ने विदेश में रहकर योग को रोजगार का माध्यम बनाया था, लेकिन हादसे ने परिवारों की उम्मीदों को मातम में बदल दिया.
शव हिंदुस्तान लाने की प्रक्रिया में जुटे परिवार
हादसे के बाद दोनों परिवार शवों को हिंदुस्तान लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं. रांची के राजा के परिवार की ओर से जरूरी राशि और कागजी प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जा रही है. राज्य के स्टेट माइग्रेंट वर्कर्स कंट्रोल रूम की प्रमुख शिखा लकड़ा ने बताया – राजा के परिवार की ओर से शव वापस लाने के लिए करीब 14 लाख रुपये की व्यवस्था की गयी है. वहीं, विनय के परिवार की ओर से अभी आवेदन मिलने का इंतजार है. प्रशासन की ओर से भी दोनों परिवारों की मदद के लिए प्रयास किये जा रहे हैं.
The post वियतनाम में सड़क हादसे ने बुझाये झारखंड के दो घरों के चिराग, रांची और जमशेदपुर के योग शिक्षकों की मौत appeared first on Naya Vichar.