नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समस्तीपुर में वीबी-जी राम जी योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पूरे देश में वीबी-जी राम जी योजना दिनांक 01 जुलाई 2026 से लागू की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने तक ग्राम पंचायतों को ऐसा विकसित बनाना है, जहां शून्य कार्बन उत्सर्जन की दिशा में प्रभावी कार्य हो, अकुशल श्रमिकों को कौशलयुक्त बनाया जा सके तथा प्रत्येक व्यक्ति किसी-न-किसी आजीविका से जुड़ा हो। उन्होंने बताया कि योजना में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, गरीबी उन्मूलन, स्त्री सशक्तिकरण, युवाओं तथा अन्नदाता किसानों के हितों पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि एमआर सात दिनों के भीतर निर्गत होगा तथा अगले तीन दिनों के अंदर डीबीटी के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि समस्तीपुर जिले में 30 जून तक सभी मनरेगा कर्मियों एवं सभी पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों का प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण पूर्ण करा दिया जाएगा, ताकि योजना का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्तीपुर, बेगूसराय एवं खगड़िया जिले के कार्यपालक अभियंता, कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला वित्त प्रबंधक, लेखा सहायक, जिला अंकेक्षण प्रबंधक, अंकेक्षण सहायक एवं खगड़िया जिले के युवा पेशेवर उपस्थित थे। कार्यक्रम में सरायरंजन, उजियारपुर, खानपुर एवं मोरवा के कार्यक्रम पदाधिकारी मास्टर ट्रेनर के रूप में उपस्थित रहे।