Ketan Agrawal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब हादसे से हत्या की साजिश तक पहुंच गया है. इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल ही साजिशकर्ता के रूप में सामने आई है. केतन अग्रवाल की मौत की कहानी पिछले साल हुए राजा रघुवंशी की हत्या जैसी ही दिख रही है. उसमें सोनम रघुवंशी ने अपने पति को मौत के घाट उतारा था, वहीं केतन की कहानी भी कुछ वैसी ही रही. हालांकि, सिया ने कोशिश जरूर की, लेकिन कानून का शिकंजा अच्छे-अच्छे चालबाजों को पकड़ ही लेता है. पुलिस ने पूरे केस का खुलासा कर दिया है. आइये जानते हैं कैसे पकड़ी गई केतन की कातिल सिया और उसका प्रेमी चेतन.
पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार किया है. दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया गया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर इसे लोहगढ़ किले पर हादसा माना गया था, लेकिन जांच के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं, जिनसे शक गहराता गया. इनमें सिया और चेतन के बीच संबंध, फोन कॉल रिकॉर्ड, बाली यात्रा से पहले पासपोर्ट गायब होना और लोहगढ़ किले की घटनाएं शामिल हैं.
पुणे ग्रामीण पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल ने कथित तौर पर उनका पासपोर्ट चोरी कर नष्ट कर दिया था, जिससे वह विदेश यात्रा पर नहीं जा सके. पुलिस का मानना है कि यह कोई अलग घटना नहीं थी, बल्कि कथित साजिश का हिस्सा थी, जिसका अंत 26 वर्षीय केतन की लोहोगढ़ किले के पास मौत के रूप में हुआ.
केतन महाराष्ट्र के एक बड़े कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे. वह पुणे जिले के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और एक रियल एस्टेट कंपनी में निदेशक थे. 18 जून को लोहगढ़ किले के पास वह मृत पाए गए थे. शुरुआत में पुलिस ने इसे ट्रेकिंग के दौरान गिरने की घटना माना था. सिया के बयान के आधार पर पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी.
सिया ने बताया था कि तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय केतन फिसलकर खाई में गिर गए. लेकिन, पुणे ग्रामीण पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल के चेतन चौधरी के साथ संबंध थे और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. दोनों ने केतन को अपने रिश्ते में बाधा माना और उसकी हत्या की योजना बनाई.
Pune, Maharashtra
Update on Ketan Vishal Agarwal murder case
> Police said that Ketan Vishal Agarwal was deleted by his girlfriend, Siya Goyal, and her lover, Chetan Chaudhary.
> Siya was in a relationship with a man named Chetan Chaudhary.
> She did not want to marry Ketan.
>… pic.twitter.com/Twk78IKDap— ︎ ︎venom (@venom1s) June 23, 2026
बाली प्री-वेडिंग शूट से पहले गायब हुआ पासपोर्ट
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई फरवरी में हुई थी. दोनों 6 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जाने वाले थे. इस यात्रा में चार लोग शामिल थे, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अचानक पता चला कि केतन का पासपोर्ट गायब है. इसके बाद वह यात्रा पर नहीं जा सके और उन्हें एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा.
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस घटना को संदिग्ध बताया. उन्होंने कहा, ‘उन्हें 6 जून को प्री-वेडिंग शूट के लिए मुंबई से बाली जाना था. घर से निकलते समय कार में सिर्फ चार लोग थे. सभी ने कार में बैठकर अपने पासपोर्ट चेक किए थे और पासपोर्ट, पैसे, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि सभी एक ही पाउच में रखे गए थे. वह पाउच कार में ही था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सभी के पास पासपोर्ट थे, सिर्फ केतन का पासपोर्ट चोरी हुआ था. इसी वजह से वह नहीं जा सके और एयरपोर्ट से वापस लौट आए.’ इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच में सामने आया कि सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट लिया, उसे फाड़ा और एयरपोर्ट जाने से पहले जिस होटल में नाश्ते के लिए रुके थे, वहां के वॉशरूम में फेंक दिया.
सिया और चेतन के रिश्ते का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि सिया की मुलाकात चेतन बाबूलाल चौधरी से पिछले साल एक कारोबारी बैठक के दौरान हुई थी. सिया बेकरी चलाती थी, जबकि 22 वर्षीय चेतन ड्राई फ्रूट का कारोबार करता था.
पुलिस जांच में सामने आया कि सिया और चेतन के बीच पिछले सात महीनों में 2004 फोन कॉल हुईं. इस दौरान दोनों ने करीब 238 घंटे बात की थी. पुलिस के अनुसार, दोनों का रिश्ता नवंबर 2025 में शुरू हुआ था, उसी समय जब केतन और सिया के परिवार शादी की तैयारियां आगे बढ़ा रहे थे.
प्लान ए में नाकाम रहे चेतन और सिया
पुलिस के अनुसार, चेतन सिया और केतन के रिश्ते से नाराज था और दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. पुलिस ने कहा, ‘जांच में सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे चेतन के साथ अपने रिश्ते में बाधा मानती थी.’
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने केतन को रास्ते की रुकावट माना और उसकी हत्या की योजना कथित तौर पर उसकी मौत से कई हफ्ते पहले बनानी शुरू कर दी थी. जांच में पुलिस ने 18 जून से पहले केतन को नुकसान पहुंचाने की कथित कई कोशिशों का दावा किया है.
#WATCH | Pune, Maharashtra | Pune Rural Police SP Sandeep Singh Gill says, “On June 18, 2026, an engaged couple, Siya Goyal and Ketan Agarwal, visited Lohagad Fort. Siya Goyal called to report that Ketan Agarwal had slipped and fallen from the fort, resulting in his… pic.twitter.com/sHZL109Y69
— ANI (@ANI) June 23, 2026
लोहगढ़ किले पर कथित पहली कोशिश
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी. जांच एजेंसियों का दावा है कि सिया केतन को लोहगढ़ किले ले गई थी और वहां उसे घाटी की ओर धक्का देने की कोशिश की गई.
पुलिस के अनुसार, केतन गिरने से बच गए क्योंकि उन्होंने किनारे की झाड़ी पकड़ ली थी. इसके बाद कथित तौर पर सिया ने मामला छिपाने के लिए सांप दिखने का शोर मचाया और डर का माहौल बनाया. पुलिस का दावा है कि इसके बाद उसने केतन को गले भी लगाया.
प्लान बी सफल हुआ- 18 जून को हुई केतन की मौत
पुलिस के अनुसार, 18 जून को सिया ने केतन को फिर से लोहगढ़ किले बुलाया. जांच में दावा किया गया कि चेतन अलग से वहां पहुंचा और करीब 20 से 30 फीट की दूरी से दोनों का पीछा करता रहा. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चेतन हुडी पहने दिखाई दिया, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे. गर्मी के मौसम में हुडी पहनना भारी पड़ गया. चेतन ने चालाकी करते हुए अपना मोबाइल कोंढवा के घर में ही रख दिया.
इसके बाद पुलिस का आरोप है कि दोनों ने पीछे से केतन को धक्का दिया, जिससे वह गहरी खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई. केतन का शव किले के पास खाई में मिला था. अधिकारियों ने बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय केतन करीब 400 फीट गहरी घाटी में गिर गए. जिस समय केतन को धक्का दिया गया वह अपने मोबाइल से फोटो खींच रहे थे. चेतन और सिया का केतन को मारने का प्लान बी सफल हो गया. जांच में यह भी दावा किया गया कि दोनों ने पहले की योजना विफल होने की स्थिति में ‘प्लान सी’ भी तैयार रखा था.
इंस्टाग्राम पर दिख रही थी प्यार भरी कहानी
केतन और सिया की सोशल मीडिया तस्वीरें कुछ और ही कहानी दिखा रही थीं. दोनों ने फरवरी में सगाई की थी और नवंबर में शादी की तैयारी चल रही थी. परिवारों ने जयपुर के एक महल में करीब 17 करोड़ रुपये में शादी की बुकिंग कराई थी. मेहमानों के लिए दो प्राइवेट प्लेन की व्यवस्था की जा रही थी. सगाई के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर केतन के साथ कई रोमांटिक पोस्ट शेयर किए थे.
एक पोस्ट में मोमबत्ती से सजे केक की तस्वीर के साथ उसने लिखा था, ‘मेरे दिल को अपना घर मिले एक महीने पूरे होने की खुशी में.’ मई में सिया ने केतन द्वारा फूल देने वाली तस्वीर शेयर की थी और लिखा था, ‘उन्हें ‘पसंद है तुम्हें’ वाली बात को उन्होंने बहुत गंभीरता से ले लिया.’
इसके बाद दोनों के गले मिलने की तस्वीर भी सामने आई. सिया ने केतन की एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी शेयर की थी, जिसमें लिखा था, ‘That Smile’ और साथ में दिल वाला इमोजी था. 19 मई को सिया ने अपना बर्थडे काउंटडाउन भी शेयर किया था, जिसमें दोनों रोमांटिक गाने पर डांस करते नजर आए थे. लेकिन इसके करीब एक महीने बाद कहानी पूरी तरह बदल गई.
Ketan Agarwal and Siya Goel were engaged & set to marry. Both were so happy unaware of the fate that awaited them 😳
On Siya’s birthday, Ketan died after falling from Lohagad Fort. Siya cried on Insta.
**POLICE INVESTIGATES**
Siya was in a relationship with another man, Chetan… https://t.co/i5vCe4K5PY pic.twitter.com/mi154lFyyx
— News Algebra (@NewsAlgebraIND) June 23, 2026
सिया के व्यवहार से परिवार को हुआ शक
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि शुरुआत में परिवार ने भी इसे हादसा माना था, लेकिन बाद में सिया के व्यवहार ने उन्हें शक करने पर मजबूर किया. उन्होंने कहा कि हमने भी इसे हादसा ही माना था. लेकिन जब पुलिस शव लेकर आई तो सिया की कोई प्रतिक्रिया नहीं थी. जब किसी स्त्री के मंगेतर या पति की मौत होती है तो वह दुखी होती है, लेकिन उसके व्यवहार में ऐसा कोई दुख नजर नहीं आया. यह पहली बात थी जिसने हमें परेशान किया, लेकिन अस्पताल जाना जरूरी था इसलिए हमने ज्यादा ध्यान नहीं दिया.
उन्होंने बताया कि दोनों की शादी नवंबर में राजस्थान के एक महल में तय हुई थी. विशाल अग्रवाल ने कहा, ‘मेरे बेटे की इस लड़की से फरवरी में सगाई हुई थी. 19 तारीख को सिया का जन्मदिन था, इसलिए उसने जिद की और 18 तारीख को प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए लड़ाई की और उसे लोहोगढ़ किले ले गई.’ उनके अनुसार, केतन 18 जून की सुबह 8:20 बजे घर से निकले थे. करीब 10:45 बजे परिवार को सिया की मां का फोन आया कि केतन घाटी में गिर गए हैं.
ये भी पढ़ें:- आंध्र प्रदेश से एक साल में निकलेगा 400 किलो सोना, CM नायडू आज करेंगे ‘गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट’ का उद्घाटन
परिवार ने दूसरे लोगों की भूमिका पर भी जताया शक
विशाल अग्रवाल ने कहा कि यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ था और उनके परिवार को सिया के किसी अन्य रिश्ते की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि यह अरेंज मैरिज थी. दोनों परिवारों की सहमति से फैसला हुआ था. उनके बेटे की तरफ से किसी को इसकी जानकारी नहीं थी. लेकिन आज हम लड़की के व्यवहार और उसके रिश्तों को देखकर महसूस कर रहे हैं कि वह अकेली नहीं है, इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि यह सब उसके परिवार को पता था. इसके बावजूद उन्होंने हमें फंसाने की योजना बनाई. केतन के परिवार के लिए अब गायब हुआ पासपोर्ट एक ऐसा संकेत लग रहा है, जिसे उस समय समझा नहीं जा सका. विशाल अग्रवाल ने कहा, ‘अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी तो सीधे मना कर सकती थी. इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी?’
The post सिया ही निकली केतन की कातिल, इंस्टाग्राम पर दिखाती रही प्यार, बॉयफ्रेंड संग रची साजिश; ऐसे पकड़ी गई appeared first on Naya Vichar.

