नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र एवं फैकल्टी ने आयुक्तालय स्तरीय “उमंग 2026” स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया। यह तीन दिवसीय महोत्सव 16 से 18 जनवरी 2026 तक दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय के परिसर में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों के छात्र एवं फैकल्टी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव के दौरान राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर की टीमों ने स्पोर्ट्स भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। प्रतियोगिता के बीच महाविद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार मंडल स्वयं दरभंगा पहुंचे और प्रतिभागी छात्रों व फैकल्टी का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ छात्रों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता तथा अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। प्राचार्य की उपस्थिति से प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ा, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनके प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। प्रतियोगिताओं में प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार रहीं। क्रिकेट बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, मधुबनी को पराजित कर विजेता बना।क्रिकेट फैकल्टी टीम ने दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय की फैकल्टी टीम को हराकर विजेता बना। इसी तरह बैडमिंटन बालक वर्ग में कॉलेज की टीम उपविजेता रही। इसके अलावा वॉलीबॉल बालक वर्ग में उपविजेता,बैडमिंटन बालिका वर्ग में विजेता,कबड्डी बालिका वर्ग में उपविजेता,वॉलीबॉल बालिका वर्ग में उपविजेता,वॉलीबॉल फैकल्टी टीम में उपविजेता एवं बैडमिंटन में उप विजेता बना।
इन उपलब्धियों के उपलक्ष्य राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर के परिसर में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य दीपक कुमार मंडल ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है।सीप्राचार्य ने सभी टीमों को आगामी राज्य स्तरीय “उमंग 2026”, जो पटना में आयोजित होने वाला है, के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय छात्र एवं फैकल्टी टीमें राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर प्राचार्य ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्रीड़ा समन्वयक प्रो. स्वामी रंजन, प्रो. अमित गौरव, सांस्कृतिक समन्वयक प्रो. अभय कुमार तथा प्रो. शफ़क़ अज़ीज़ का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनके कुशल समन्वय, मार्गदर्शन एवं सतत प्रयास से ही यह आयोजन सफल हो सका। समारोह का समापन उत्साह, गर्व और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए नई ऊर्जा के साथ हुआ।

