मांझा. कालाजार उन्मूलन को लेकर चलाये जा रहे घर-घर खोजी अभियान के तहत सीएचसी मांझा परिसर में बुधवार को आशा का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण के दौरान आशा को कालाजार रोग की पहचान, इसके प्रमुख लक्षणों तथा उपचार प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गयी. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आशा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर जाकर लंबे समय से बुखार, वजन में कमी, तिल्ली का बढ़ना जैसे लक्षणों वाले संदिग्ध मरीजों की पहचान करेंगी. ऐसे मरीजों को शीघ्र जांच और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी आशा की होगी. प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि कालाजार एक गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन समय पर जांच और सही इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है. अधिकारियों ने आशा को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें और अभियान को पूरी गंभीरता के साथ सफल बनाएं. इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ तारिक इब्राहिम, स्वास्थ्य प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार, बीसीएम सुनील कुमार, वीबीडीएस सीमा कुमारी, बीएससी नवीन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
The post कालाजार उन्मूलन अभियान को लेकर आशा को मिला प्रशिक्षण appeared first on Naya Vichar.