Dhanbad News : लोयाबाद.. नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए बुधवार को लोयाबाद में सर्च अभियान चलाया. इस दौरान निगम की टीम ने लोयाबाद मोड़ स्थित पिंटू कुमार के पूजा भंडार से प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया और 500 रुपये जुर्माना भी लगाया. छापेमारी की समाचार फैलते ही दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं. प्लास्टिक जब्ती के विरोध में दुकानदारों ने हंगामा शुरू कर दिया. दुकानदारों का कहना था कि उनलोगों को परेशान करने की बजाय इसके उत्पादन पर रोक लगायी जाये. इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. कुछ दुकानदार मारपीट पर उतारू थे. इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए लोयाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार महतो एवं सचिव सुनील पांडे मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया. अभियान में कतरास निगम अंचल के बड़ा बाबू राकेश कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मनीष सिंह तथा रेवन्यू इंस्पेक्टर इंद्रदेव कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे. निगम के बड़ा बाबू ने कहा कि प्लास्टिक पर रोकथाम के लिए रोजाना छापेमारी अभियान चलाया जायेगा. दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों में प्लास्टिक नहीं रखें तो कोई कार्रवाई नहीं की जायेगी.जो फाइन कट चुका है, वह देना पड़ेगा.
The post Dhanbad News : लोयाबाद में प्रतिबंधित प्लास्टिक किया जब्त, जुर्माना appeared first on Naya Vichar.