नया विचार न्यूज सरायरंजन: प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बखरी बुजुर्ग, वार्ड नंबर 2 में शनिवार को शिक्षक–अभिभावक की बैठक प्रभारी प्रधानाध्यापक बेबी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के माता-पिता उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति और विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों पर चर्चा करना रहा।
प्रभारी प्रधानाध्यापक बेबी कुमारी ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने नियमित उपस्थिति, गृहकार्य समय पर कराने और बच्चों को स्वच्छता व अनुशासन का पालन कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान शिक्षकों ने छात्रों के शैक्षणिक स्तर, पढ़ने-लिखने की स्थिति और व्यवहार संबंधी जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। साथ ही बच्चों में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया गया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की व्यवस्था और पढ़ाई को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में मध्याह्न भोजन, विद्यालय की साफ-सफाई और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापन किया और बैठक का समापन किया।

