आंधी-बारिश के बाद से ठप है नल-जल की आपूर्ति, सड़क पर वाहनों की लगी लंबी कतारें
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड क्षेत्र की धर्मपुर पंचायत के वार्ड संख्या-12 में पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने शुक्रवार दोपहर एसएच-88 को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने नल-जल योजना से पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि आंधी-बारिश के बाद से ही वार्ड में नल-जल योजना से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर वे मुखिया और बीडीओ सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और समाजसेवियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। उन्होंने पानी की आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
इधर, पांच घंटे तक सड़क जाम रहने से एसएच-88 पर आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।