नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को स्वास्थ्य प्रशिक्षक शैलेंद्र कुमार की सेवानिवृत्ति पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने कहा कि नौकरी में आना-जाना और सेवानिवृत्ति एक प्रक्रिया है। स्वास्थ्य प्रशिक्षक शैलेंद्र कुमार का कार्यकाल हम सबों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन किया,जो हम सबों के लिए अनुकरणीय है। हम इनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना करते हैं। वहीं सेवानिवृत होने वाले स्वास्थ्य प्रशिक्षक शैलेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा काम के दौरान जो मुझे सहयोग मिला, उसे बुलाया नहीं जा सकता। इसके पूर्व सेवानिवृत होने वाले स्वास्थ्य प्रशिक्षण को मिथिला की परंपरा के अनुसार चादर, माला, पाग एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सभी एएनएम, कुरियर एवं आशा फैसिलिटेटर सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन बीएम एंड ई. पिंटू कुमार, कुरियर प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार गोस्वामी एवं आशा फैसिलिटेटर पिंकी ईश्वर ने किया। समारोह को स्वास्थ्य प्रबंधक फिरदौस आलम एवं लिपिक राजेश कुमार ने भी संबोधित किया।

