Hot News

सगे भाई ने ही रची थी मंजर की हत्या की साजिश, सुपारी किलर समेत पांच गिरफ्तार

तीन लाख में दी थी जान लेने की सुपारी; पुरानी रंजिश में भाई ही बना भाई का काल

किशनगंज. जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में बीते तीन फरवरी को मंजर आलम की हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मृतक का सगा भाई ही मुख्य साजिशकर्ता निकला. बुधवार की रात पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर इन्हें दबोच लिया.

सड़क किनारे मिला था शव, एसपी ने किया खुलासा

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी संतोष कुमार ने बताया कि झिलझिली गांव निवासी मंजर आलम का शव तीन फरवरी की रात निशांदरा के पास सड़क किनारे मिला था. मृतक की पत्नी परवीन बेगम के आवेदन पर पुलिस ने कांड दर्ज किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ गौतम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. तकनीकी साक्ष्य और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्यारों तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

तीन लाख की सुपारी देकर करायी हत्या

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक के सगे भाई संजर आलम ने ही अपने भाई को रास्ते से हटाने के लिए अपने साथी मोहम्मद मुनवर को तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी. सुपारी मिलने के बाद आरोपितों ने मंजर को एक सुनसान जगह पर ले जाकर डंडे से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन नष्ट कर दिए व शव को नदी में फेंकने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके.

पुरानी रंजिश व नफरत बनी वजह

पुलिस के अनुसार, मंजर व उसके भाई संजर के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चल रही थी. संजर अपने भाई को पसंद नहीं करता था. उसकी नजर में मंजर एक अच्छा व्यक्ति नहीं था. इसी नफरत की आग में जलकर संजर ने भाड़े के हत्यारों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

बरामदगी व पुलिस टीम

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा, दो बाइक व मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य साजिशकर्ता संजर आलम (32 वर्ष), सुपारी किलर बाबू आलम (28 वर्ष), मुनवर आलम (21 वर्ष), शहबाज आलम (27 वर्ष) और नफीस आलम (27 वर्ष) शामिल हैं.

टीम में शामिल अधिकारी :

एसडीपीओ गौतम कुमार, बहादुरगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार, अवर निरीक्षक दिलशाद खान, रंजीत कुमार हिंदुस्तानी, सावित्री कुमारी, प्रियंका कुमारी, शत्रुघ्न कुशवाहा, प्रमोद कुमार यादव, रामबाबू चौधरी, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक नेहा हिंदुस्तानी व तकनीकी सेल के जवान इस सफल कार्रवाई में शामिल थे.

The post सगे भाई ने ही रची थी मंजर की हत्या की साजिश, सुपारी किलर समेत पांच गिरफ्तार appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top