सिमडेगा. अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र ने जनता दरबार लगा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी. ग्रामीणों की समस्याओं को एक-एक कर सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित किया गया. जनता दरबार के दौरान गैरमजरूआ सरना आम भूमि में किये जा रहे मरम्मत कार्य को लेकर उत्पन्न विवाद, सुकर पालन योजना का लाभ दिलाने, कोलेबिरा-मनोहरपुर पथ चौड़ीकरण से संबंधित मुआवजा राशि भुगतान, तामड़ा पंचायत के टाभाडीह ग्राम में सड़क निर्माण, ई-कल्याण छात्रवृत्ति पोर्टल में पूर्व में किये गये त्रुटिपूर्ण आवेदन को निरस्त कर पुनः आवेदन के लिए अनुमोदन देने, सार्वजनिक रास्ता बंद किये जाने की शिकायत, मकान के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार को हटवाने समेत अन्य विषयों से संबंधित मामले सामने आये. अपर समाहर्ता ने सभी मामलों का यथाशीघ्र व नियम संगत निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.
बारात गया युवक दो दिन से लापता
बानो. थाना क्षेत्र के कानारोवां बाउरालता निवासी निस्तार तोपनो चार फरवरी से लापता है. जानकारी के अनुसार युवक चार फरवरी को बानो कानारोवां से कुरडेग के डोड़ापानी बारात गया था. लेकिन देर रात तक वह वापस घर नहीं लौटा. परिजनों व रिश्तेदारों ने काफी खोजबीन की. लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया है. इधर, युवक के अचानक लापता होने से परिजन काफी परेशान हैं. परिजनों ने आमलोगों से सहयोग करने की अपील की है. साथ ही आग्रह किया है कि अगर किसी को निस्तार तोपनो का पता चले तो मोबाइल नंबर 9102041842 पर संपर्क करें.
The post जनता दरबार में सुनी गयी लोगों की समस्याएं appeared first on Naya Vichar.
