टंडवा. प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय सिसई में कक्षा आठ के छात्रों का अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है. छात्रों के अभिभावकों ने बीइइओ को आवेदन देकर विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. आवेदन में अभिभावकों का कहना है कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल के नियमानुसार कक्षा आठ के विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण अनिवार्य है, ताकि वे आगे कक्षा नौवीं एवं मैट्रिक परीक्षा में बिना किसी बाधा के शामिल हो सकें. लेकिन विद्यालय प्रबंधन की उदासीनता के कारण कक्षा आठ में अध्ययनरत कुल 51 छात्रों में से एक भी छात्र का रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं कराया गया है. अभिभावकों ने कहा कि रजिस्ट्रेशन का समय सीमा समाप्त हो गया है, जिससे विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में शामिल होने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध किया गया, लेकिन विद्यालय प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. बीइइओ महावीर प्रसाद ने बताया कि इस मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा जायेगा. वंचित छात्रों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित की जायेगी. दूसरी ओर प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद ने कहा कि जल्द ही जैक द्वारा विशेष परीक्षा ली जायेगी, जिसका नोटिफिकेशन जैक द्वारा जारी कर दिया गया है. आवेदन में रेखा देवी, मुकेश यादव, राजेश महतो, विजय महतो, पारो देवी, कारी देवी, मानो देवी, जीरा देवी, सुनैना देवी, रंजीत महतो समेत अन्य अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं.
The post सिसई विद्यालय में कक्षा आठ के छात्रों का अब तक नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन appeared first on Naya Vichar.
