Indian Railways News: दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच पहली बार शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है. इससे यात्रा का समय और खर्च घट जायेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. रांची रेल मंडल ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा है. वहां से अनुमति मिलते ही यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सकेगी.
समय और खर्च दोनों की बचत होगी
नये प्रस्ताव के अनुसार, ट्रेन रात 11 से 12 बजे के बीच डालटनगंज (मेदिनीनगर) से रवाना होगी. फिर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सुबह लगभग छह बजे रांची पहुंचेगी. रेल मंडल की योजना इस रूट पर दो ट्रिप ट्रेन चलाने की है, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी. लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा जैसे इलाकों के लोगों को रांची आने-जाने में समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
रांची–हजारीबाग शटल ट्रेन का प्रस्ताव तैयार
इधर, रांची रेल मंडल ने हजारीबाग के लिए भी रांची–हजारीबाग वाया मेसरा शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है. इसे भी जल्द स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजने की तैयारी है. रेलवे का मानना है कि नयी शटल सेवाएं शुरू होने से क्षेत्रीय रेल नेटवर्क मजबूत होगा और स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: रांची में सेक्स वर्कर्स का आतंक, स्टेशन रोड की झोपड़ी बनी ‘धंधे का अड्डा’
छोटे स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शटल ट्रेन टोरी, चेतर, रिचुघुटू, डेमू, लातेहार, बेंदी, कुमेंदी, हेहेगड़ा हॉल्ट, छिपादोह, बरवाडीह, मंगरा, केचकी, चियांकी, बोदाग्राम, बड़किचांपी, हेंदलासो भोकता बगीचा, लोहरदगा, इरगांव, अकासी, नागजुआ, नरकोपी, तंगरबसुली, इटकी, पिस्का और अरगोड़ा जैसे स्टेशनों से होकर चलेगी. इस रूट के कई छोटे स्टेशनों को पहली बार नियमित और सुलभ रेल सेवा का लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: 15% रिटर्न का झांसा देकर 16,927 लोगों से ठगी, 307 करोड़ वसूले
The post रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच चलेगी शटल ट्रेन, भेजा गया प्रस्ताव appeared first on Naya Vichar.

