स्त्री सुरक्षा व मानव तस्करी निरोध में 480 बच्चों का रेस्क्यू
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा हेतु अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। विभिन्न अभियानों के माध्यम से RPF ने न केवल अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करने में भी अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।
वर्ष के दौरान दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ पूजा, होली जैसे प्रमुख त्योहारों के साथ-साथ बिहार विधानसभा चुनाव एवं माननीय प्रधानमंत्री, रेल मंत्री तथा रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के कार्यक्रमों के अवसर पर व्यापक भीड़ प्रबंधन किया गया। इन सभी अवसरों पर RPF द्वारा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक एवं बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराया गया।
रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए गए “रेल सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत 143 बाहरी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 6.79 लाख रुपये मूल्य की रेलवे संपत्ति बरामद की गई। वहीं “समय पालन” अभियान के तहत अनधिकृत चेन पुलिंग करने वाले 3569 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 16.22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिससे ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार सुनिश्चित हुआ।
स्त्री यात्रियों की सुरक्षा के लिए “स्त्री सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत 3103 पुरुषों को स्त्री कोच में अवैध रूप से यात्रा करने के कारण गिरफ्तार किया गया तथा 8.91 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। “नन्हे फरिश्ते” अभियान के अंतर्गत 480 बच्चों को रेस्क्यू कर चाइल्डलाइन एवं बाल कल्याण समिति को सुपुर्द किया गया। इसके अतिरिक्त मानव तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 50 तस्करों को गिरफ्तार कर 182 बच्चों को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया।
दिव्यांग यात्रियों की सुविधा एवं अधिकारों की रक्षा हेतु “उपलब्ध” अभियान के तहत 2251 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर 6.83 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं “सहयोग” अभियान के अंतर्गत RPF के सहयोग से वाणिज्य विभाग द्वारा बिना टिकट यात्रियों से 58.98 करोड़ रुपये की वसूली कर रेलवे की आय में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए “सतर्क” अभियान के अंतर्गत विदेशी शराब, गांजा आदि प्रतिबंधित सामग्री जिसकी कुल कीमत 2.45 करोड़ रुपये है, बरामद की गई तथा 154 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। टिकट दलाली के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
यात्रियों की सहायता एवं सेवा के क्षेत्र में भी RPF ने सराहनीय कार्य किया है। “अमानत” अभियान के तहत 515 खोए या छूटे सामान, जिनका कुल मूल्य 71.42 लाख रुपये है, बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया।
“सेवा” अभियान के अंतर्गत 78 घायल यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई, जबकि “मातृ शक्ति” अभियान के तहत 6 स्त्री यात्रियों को प्रसव के दौरान सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त “जीवन रक्षा” अभियान के माध्यम से 13 यात्रियों का जीवन समय पर बचाया गया।