Strait of Hormuz: ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को सभी कमर्शियल जहाजों के लिए खोल दिया है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी घोषणा की. तेहरान ने होर्मुज पूरी तरह खोलने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान और इज़राइल के बीच 10 दिन के युद्धविराम की घोषणा की थी. इससे पहले अमेरिका और इजराइल के साथ लड़ाई के बाद ईरान ने होर्मुज को बंद कर दिया था. इसके बंद होने से वैश्विक ईंधन आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी. बांग्लादेश-श्रीलंका समेत कई देशों में तेल और गैस की घोर किल्लत हो गई थी.
इजराइल-लेबनान सीजफायर के बाद लिया फैसला
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में कहा- लेबनान में हुए सीजफायर को देखते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए मार्ग युद्धविराम के बचे हुए समय तक पूरी तरह से खुला रहेगा. उन्होंने यह भी कहा है कि जहाजों को ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन की ओर से पहले से तय रास्ते पर ही चलना होगा. ईरान और अमेरिका के वीच 14 दिनों का युद्धविराम हुआ है, जो 22 अप्रैल तक लागू रहेगा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी किया ट्वीट, जताई खुशी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस फैसले का स्वागत किया है और धन्यवाद दिया है. अराघची के पोस्ट के कुछ ही देर बाद ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर इस घोषणा को साझा किया. ट्रंप ने कहा- ईरान ने अभी-अभी ऐलान किया है कि ईरान जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और आवागमन के लिए पूरी तरह से तैयार है.
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है. यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है. दुनिया के कुल कच्चे तेल का लगभग पांचवां हिस्सा (20%) इसी रास्ते से होकर गुजरता है. सऊदी अरब, इराक, यूएई और कुवैत जैसे प्रमुख तेल निर्यातक देश अपने शिपमेंट के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं.
ट्रंप ने कहा- जारी रहेगी नाकाबंदी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी तब तक पूरी ताकत से जारी रहेगी जब तक तेहरान युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंच जाता. उन्होंने कहा कि होर्मुज पूरी तरह से खुला है और व्यापार और आवागमन के लिए तैयार है, लेकिन ईरान के संबंध में नौसैनिक नाकेबंदी तब तक पूरी तरह से लागू रहेगी जब तक ईरान के साथ हमारा समझौता शत प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया बहुत तेजी से आगे बढ़नी चाहिए क्योंकि अधिकांश बिंदुओं पर पहले ही बातचीत हो चुकी है.
मैक्रों, स्टार्मर ने होर्मुज खुलने का किया स्वागत
फ्रांस और ब्रिटेन के नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की घोषणा का स्वागत किया है. हालांकि उन्होंने कहा कि इसे स्थायी तौर पर खोलना चाहिए. राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर का कहना है कि वे समुद्री सुरक्षा बहाल करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मिशन की योजना बनाते रहेंगे. अगले सप्ताह लंदन में इसको लेकर बैठक भी की जाएगी. लगभग 50 देशों की एक सभा के बाद मैक्रों ने कहा- हम सभी पक्षों से होर्मुज को पूरी तरह, तुरंत और बिना शर्त फिर से खोलने की मांग करते हैं.
होर्मुज खुलते ही कच्चे तेल के दामों में बड़ी गिरावट
होर्मुज स्ट्रेट के खुलने की समाचार के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 10% से अधिक की गिरावट आई. इस फैसले से वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता की उम्मीद बढ़ी है. ईरान के ऐलान के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में भी तेजी देखी गई. S&P 500 (अमेरिकी शेयर बाजार का सूचकांक) में 0.7% की बढ़त, Dow Jones Industrial Average (अमेरिकी स्टॉक मार्केट इंडेक्स) में 1% की वृद्धि और Nasdaq Composite (अमेरिकी शेयर बाजार सूचकांक) में भी लगभग 1% की तेजी दर्ज की गई. मार्च के अंत से अब तक अमेरिकी बाजारों में 11% से अधिक की बढ़त देखी गई है, जो इस उम्मीद पर आधारित है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से वैश्विक वित्तीय स्थिति बड़े संकट से बच सकती है.
The post ईरान ने होर्मुज खोलने का किया ऐलान, ट्रंप ने जताई खुशी, धड़ाम हुए कच्चे तेल के दाम appeared first on Naya Vichar.

