Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 19 से 24 जून के दौरान छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 20 से 22 जून के बीच पश्चिम मध्य प्रदेश में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 से 24 जून के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और सिक्किम में कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 19-20 जून के दौरान ओडिशा में भी अच्छी बारिश के आसार हैं.
दिल्ली में बारिश की संभावना
मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिनों तक दिल्ली में बारिश हो सकती है, जबकि इसके बाद आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. 19 और 20 जून को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी. 19 जून को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं 20 जून को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तर बंगाल में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका) में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है. हालांकि, दक्षिणी जिलों में मॉनसून के औपचारिक रूप से प्रवेश करने के बावजूद अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है. मौसम विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि उप-हिमालयी जिलों- दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में 25 जून तक भारी वर्षा होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : Heavy Rain Alert: अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम के अलावा यहां होगी बारिश
19 से 24 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 22 जून के बीच इन राज्यों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और वज्रपात की भी आशंका है.
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
20 से 24 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 19 जून को लक्षद्वीप, 19 से 21 जून तक उत्तर आंतरिक कर्नाटक, 19 से 20 जून तक दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, 19 से 22 जून और 24 जून को तटीय आंध्र प्रदेश, 19 से 24 जून तक रायलसीमा और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
The post मौसम: अगले दो दिन इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट appeared first on Naya Vichar.

