Hot News

Sitamarhi: इधर बेटी की डोली उठी उधर पिता ने दुनिया को कहा अलविदा, VC पर देखी थी शादी

Sitamarhi Father Dead: सीतामढ़ी से एक ऐसी मार्मिक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. एक पिता ने अस्पताल के बिस्तर पर लेटे-लेटे वीडियो कॉल के जरिए अपनी बेटी की शादी देखी. बेटी को दुल्हन के रूप में विदा करने के कुछ ही पल बाद उन्होंने अंतिम सांस ली. परिवार में जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही देर में मातम पसर गया.

शादी की तैयारियों के बीच बिगड़ी तबीयत

सोनबरसा बस स्टैंड निवासी लालबाबू महतो वर्षों तक एक निजी बस में कंडक्टर के रूप में काम करते थे. उनकी सबसे छोटी बेटी निधि कुमारी की शादी मोहनपुर निवासी युवक के साथ तय हुई थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन विवाह से तीन दिन पहले उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई.

गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे बेटी की शादी में शामिल नहीं हो सके.

यह भी पढ़ें: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 2300 किलो चाइनीज सेब के साथ तस्कर गिरफ्तार

वीडियो कॉल पर देखीं शादी की रस्में

परिजनों ने लालबाबू महतो को शादी के हर पल से जोड़े रखा. अस्पताल में भर्ती पिता ने वीडियो कॉल के जरिए बेटी की हल्दी, मेहंदी, जयमाला और विवाह की सभी प्रमुख रस्में देखीं.

परिवार के लोगों के मुताबिक, दुल्हन बनी बेटी को देखकर उनकी आंखें बार-बार भर आईं. विदाई के समय उन्होंने वीडियो कॉल पर ही बेटी को आशीर्वाद दिया और उसके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की.

बेटी की डोली उठी और थम गई पिता की सांसें

परिजनों के अनुसार, जैसे ही बेटी की विदाई हुई और वह ससुराल के लिए रवाना हुई, उसी समय अस्पताल में भर्ती लालबाबू महतो ने अंतिम सांस ली.

एक ही दिन में परिवार ने दो विपरीत भावनाओं का सामना किया. एक ओर बेटी के नए जीवन की शुरुआत हुई, तो दूसरी ओर परिवार के मुखिया को हमेशा के लिए खो दिया. शादी की खुशियां देखते ही देखते गहरे दुख में बदल गईं.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर वालों ध्यान दें! 3 रात बंद रहेगा रामदयालु रेल फाटक, निकलने से पहले देख लें नया रूट

परिवार में शोक की लहर

लालबाबू महतो अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, वह भावुक हो उठा.

यह घटना एक बार फिर यह एहसास कराती है कि हर पिता के लिए बेटी की विदाई जीवन के सबसे भावुक पलों में से एक होती है. लालबाबू महतो ने भी अपनी आखिरी सांस तक उस पल को संजोए रखा.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

The post Sitamarhi: इधर बेटी की डोली उठी उधर पिता ने दुनिया को कहा अलविदा, VC पर देखी थी शादी appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top