मधुबनी से उदय सिंह की रिपोर्ट
Madhubani Muharram Talwar Bazi: मधुबनी जिले के राजनगर में मुहर्रम जुलूस के दौरान पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया. प्रदर्शन के दौरान एक युवक के हाथ से तलवार फिसल गई और जुलूस में शामिल 16 वर्षीय किशोर के सिर में जा घुसी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. गंभीर रूप से घायल किशोर का कई घंटे तक ऑपरेशन चला, जिसके बाद डॉक्टरों ने तलवार निकालने में सफलता हासिल की.

तलवारबाजी के दौरान हुआ हादसा
घटना शुक्रवार देर शाम राजनगर बाजार के चट्टी रोड की है. जानकारी के अनुसार मुहर्रम जुलूस में पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन चल रहा था. इसी दौरान एक युवक के हाथ से तलवार फिसल गई और सीधे जुलूस में शामिल एक किशोर के सिर में जा धंसी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तलवार करीब ढाई इंच तक सिर में घुस गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए. हादसे के बाद तलवारबाजी कर रहा युवक मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादी को मिला नींबू शरबत, बेतिया के नए एसपी की पहल जीत रही लोगों का दिल
घायल किशोर की हुई पहचान
घायल किशोर लहेरी बाजार का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के तुरंत बाद जुलूस में मौजूद लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निरंजन जायसवाल और अन्य चिकित्सकों ने तलवार निकालने की कोशिश की, लेकिन तलवार गहराई तक धंसी होने के कारण उसे निकालना संभव नहीं हो सका. इसके बाद प्राथमिक उपचार देकर किशोर को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: Sitamarhi: इधर बेटी की डोली उठी उधर पिता ने दुनिया को कहा अलविदा, VC पर देखी थी शादी
कई घंटे चले ऑपरेशन के बाद निकली तलवार
परिजन बाद में घायल किशोर को सकरी स्थित रामशिला हॉस्पिटल ले गए. वहां डॉक्टरों ने कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसके सिर से तलवार सफलतापूर्वक निकाल दी. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल किशोर की हालत स्थिर है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है.
हादसे के बाद दहशत का माहौल
इस घटना के बाद जुलूस स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग पारंपरिक हथियार प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं.
The post Madhubani: मुहर्रम जुलूस में तलवारबाजी के दौरान युवक के सिर में घुसी तलवार, घंटों चला ऑपरेशन appeared first on Naya Vichar.

