रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
Ramgarh Police Digital Surveillance : रामगढ़ में अपराध रोकने और मामलों का जल्दी खुलासा करने के लिए पुलिस ने नई तकनीक आधारित व्यवस्था शुरू की है. यह जानकारी पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि 36 सदस्यीय “Crime Prevention & Detection Wing” का गठन किया गया है और अपराधियों की डिजिटल निगरानी के लिए एक विशेष पोर्टल विकसित किया गया है.
डिजिटल निगरानी के लिए पोर्टल विकसित
पुलिस द्वारा आरोप-पत्रित अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइलिंग और निगरानी के लिए “Digital Criminal Monitoring Portal” तैयार किया गया है. इस पोर्टल पर अपराधियों का आपराधिक इतिहास, वर्तमान स्थिति, सत्यापन विवरण और अपराध की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) दर्ज की जाएगी, जिससे भविष्य में मामलों के त्वरित उद्भेदन में मदद मिलेगी.
1971 अपराधियों की बनाई गई सूची
रामगढ़ पुलिस ने 01 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न गंभीर मामलों में आरोप-पत्रित कुल 1971 अपराधियों की सूची तैयार की है. इसमें हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, लूट, डकैती, रंगदारी, चोरी, वाहन चोरी सहित अन्य अपराध शामिल हैं.
36 सदस्यीय विशेष विंग का गठन
नवगठित “Crime Prevention & Detection Wing” में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित नोडल पदाधिकारी शामिल किए गए हैं. यह विंग पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष निर्देशन में कार्य करेगा और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी.
डुअल वेरिफिकेशन की होगी प्रक्रिया
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया है कि आरोप-पत्रित अपराधियों का दोहरा भौतिक सत्यापन (Dual Verification) किया जाए. यदि अपराधी किसी अन्य थाना क्षेत्र में रह रहा है, तो दोनों थाना मिलकर सत्यापन करेंगे और उसकी रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में तैयार की जाएगी.
जमानत पर छूटे अपराधियों पर भी नजर
इस डिजिटल सिस्टम के माध्यम से जमानत पर रिहा हुए अपराधियों की नियमित निगरानी भी की जाएगी. साथ ही आवश्यकतानुसार डोजियर, निगरानी प्रस्ताव, सीसीए कार्रवाई और जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी.
आमजन से सहयोग की अपील
रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपराध या अपराधियों से जुड़ी किसी भी सूचना तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तकनीक और सख्ती दोनों स्तर पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- पलामू: कैदी के फरार होने की उड़ी अफवाह, उग्र ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, SDPO ने शांत किया बवाल
यह भी पढ़ें- मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफसर की कमी पर एनएमसी सख्त, दिया 45 दिनों की मोहलत
यह भी पढ़ें- देवघर AIMS में ECHS सेवा को हरी झंडी, झारखंड-बिहार के हजारों पूर्व सैनिकों को अब नहीं जाना होगा दिल्ली-रांची
The post रामगढ़ पुलिस की डिजिटल पहल: अपराधियों की निगरानी के लिए बना विशेष मॉनिटरिंग पोर्टल appeared first on Naya Vichar.

