Military Sleep Method: आज की व्यस्त जिंदगी में अच्छी नींद लेना कई लोगों के लिए मुश्किल हो गया है. कई बार थकान होने के बाद भी बिस्तर पर लेटने के घंटों बाद तक नींद नहीं आती. ऐसे में इन दिनों मिलिट्री स्लीप मेथड (Military Sleep Method) काफी चर्चा में है. यह एक रिलैक्सेशन तकनीक है, जिसके बारे में दावा किया जाता है कि नियमित अभ्यास करने पर यह कुछ लोगों को कम समय में सोने में मदद कर सकती है. हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है.
क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड?
मिलिट्री स्लीप मेथड शरीर और दिमाग को शांत करने की एक तकनीक है। इसका जिक्र अमेरिकी ट्रैक एंड फील्ड कोच लॉयड बड विंटर की किताब Relax and Win: Championship Performance में मिलता है. किताब के अनुसार, इस तकनीक को दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी नौसेना के पायलटों को जल्दी आराम दिलाने के लिए तैयार किया गया था. नियमित अभ्यास के बाद कई लोगों को इससे फायदा मिला.
कैसे काम करता है यह तरीका?
इस तकनीक का उद्देश्य शरीर की मांसपेशियों को ढीला करना और दिमाग को शांत करना है। जब शरीर का तनाव कम होता है और मन शांत होता है, तो नींद आने में आसानी हो सकती है. इस प्रक्रिया में धीरे-धीरे शरीर के हर हिस्से को रिलैक्स किया जाता है.
मिलिट्री स्लीप मेथड कैसे करें?
- सबसे पहले आराम से लेट जाएं और चेहरे की सभी मांसपेशियों को ढीला छोड़ दें.
- आंखों, गाल, जबड़े और होंठों को पूरी तरह रिलैक्स करें.
- अब कंधों को ढीला छोड़ें और दोनों हाथों को आराम से रखें.
- धीरे-धीरे गहरी सांस लें और छोड़ें. साथ ही छाती को भी रिलैक्स करें.
- इसके बाद जांघों, घुटनों और पैरों की मांसपेशियों को भी ढीला छोड़ दें.
- आखिर में करीब 10 सेकंड तक किसी शांत जगह, जैसे पहाड़, समुद्र किनारा या हरियाली की कल्पना करें और गहरी सांस लेते रहें.
इन बातों का रखें ध्यान
इस तकनीक का असर तुरंत हर किसी पर नहीं होता. किताब के अनुसार, लगातार लगभग 6 हफ्ते अभ्यास करने के बाद बेहतर परिणाम देखने को मिले थे. अगर किसी को ज्यादा तनाव, एंग्जायटी या दूसरी मानसिक परेशानियां हैं, तो उन्हें थोड़ा अधिक समय लग सकता है. अगर लंबे समय से नींद नहीं आ रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें: नाक बंद, सांस लेने में दिक्कत? मानसून में ये 5 योगासन बनेंगे सहारा
The post क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड? सिर्फ 2 मिनट में आ सकती है इससे नींद appeared first on Naya Vichar.