महाराष्ट्र के अमरावती के प्रशासनी अस्पताल में सोमवार तड़के अचानक आग लग गई. हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई. आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और इलाज करा रहे दर्जनों नवजात बच्चों को आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया.
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लग गई. बताया जा रहा है कि नवजात बच्चों के इलाज वाले यूनिट में वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट के बाद आग भड़की. हादसे के वक्त अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में 39 नवजात शिशु भर्ती थे.
अस्पताल के कर्मचारियों ने रेस्क्यू किया नवजात बच्चों का
आग लगते ही डॉक्टर, नर्स और अस्पताल के अन्य कर्मचारी तुरंत वार्ड में पहुंचे और नवजात बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए. बचाव के दौरान जरूरी मेडिकल उपकरणों को हटाया गया और बच्चों को प्रभावित हिस्से से सुरक्षित बाहर ले जाया गया. अस्पताल के कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
आग की चपेट में आए छह नवजात गंभीर
आग की चपेट में आए छह गंभीर रूप से प्रभावित नवजात बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पास के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
The post अमरावती के अस्पताल में आग, तीन नवजात की झुलसने से मौत appeared first on Naya Vichar.
