नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: विगत 10-15 दिनों से फेसबुक, ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ वीडियो तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें यह दावा किया जा रहा है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण समस्तीपुर मंडल अंतर्गत समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पानी में डूब गए हैं।
समस्तीपुर रेल प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि प्रसारित किए जा रहे ऐसे सभी वीडियो और दावे पूरी तरह असत्य, भ्रामक एवं निराधार हैं। इन स्टेशनों पर रेल परिचालन व यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से एवं सुचारू रूप से संचालित हैं। इस प्रकार की फर्जी सामग्री केवल यात्रियों और आम जनमानस में अनावश्यक भय, भ्रम और दहशत का माहौल पैदा करने के दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य से पोस्ट की जा रही है।
रेल प्रशासन ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विधिवत शिकायत और आपत्ति दर्ज करा दी है।
भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वाले संदेहास्पद प्रोफाइलों एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
समस्तीपुर रेल मंडल सभी यात्रियों एवं आम नागरिकों से विनम्र अपील करता है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली इस प्रकार की असत्यापित व भ्रामक पोस्टों पर कतई ध्यान न दें और न ही इन्हें साझा (Share) करें।
यदि किसी प्लेटफॉर्म पर ऐसी फर्जी सामग्री दिखाई दे, तो अपने स्तर पर भी उसे रिपोर्ट/शिकायत दर्ज कराएं ताकि अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके। रेल परिचालन से संबंधित किसी भी प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक रेलवे स्रोतों पर ही भरोसा करें।