Bihar AEDO Paper Leak: बिहार में AEDO परीक्षा धांधली मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. EOU ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सतीश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में शिवपुरी पार्क के पास से हुई.
EOU के मुताबिक, सतीश कुमार यादव बक्सर का रहने वाला है. परीक्षा में धांधली के बाद से वह फरार चल रहा था. उसकी तलाश लगातार की जा रही थी.
करीब 10 परीक्षा केंद्रों पर बनाया अपना नेटवर्क
जांच में सतीश कुमार यादव की भूमिका को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं. EOU के अनुसार, उसने पटना के करीब 10 परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक का काम लिया था.
इसके लिए उसने मेसर्स साई एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड के वेंडरों के साथ एकरारनामा किया था. इसके बाद उसने अपने लोगों को ही बायोमैट्रिक सुपरवाइजर और ऑपरेटर के तौर पर तैनात कर दिया.
परीक्षा केंद्रों से प्रश्नपत्र हासिल करने का आरोप
EOU के अनुसार, सतीश यादव के नेटवर्क ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मियों के जरिए प्रश्नपत्र हासिल किए. इसके बाद सॉल्वर की मदद से उनके उत्तर तैयार किए गए. बताया गया है कि तैयार उत्तर कुंजी पहले से तय अभ्यर्थियों तक पहुंचाई गई. इस तरह परीक्षा में धांधली का नेटवर्क चलाया गया.
RKR Solutions सेंटर से तैयार होती थी Answer Key
जांच में पटना के एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का नाम भी सामने आया है. EOU के अनुसार, 70 फीट रोड, बेउर स्थित RKR Solutions Pvt. Ltd. के ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में प्रश्नों को सॉल्व कराया जाता था.
यहां सॉल्वर की मदद से Answer Key तैयार किए जाने का आरोप है. EOU के मुताबिक, यह सेंटर सतीश यादव के सहयोगी सरफराज आलम और रमेश कुमार संयुक्त रूप से संचालित करते थे.
बिहार की ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें
पहले नेपाल और फिर असम भाग गया था
EOU की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मामले में नाम सामने आने के बाद सतीश कुमार यादव पहले नेपाल भाग गया था. इसके बाद वह असम चला गया. जांच एजेंसी उसकी लगातार तलाश कर रही थी. आखिरकार गोपनीय सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
यूपी सिपाही भर्ती लीक केस में भी हो चुका है गिरफ्तार
EOU के अनुसार, सतीश कुमार यादव का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के इटावा में सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी. इस मामले में वह लंबे समय तक जेल में रहा था.
गिरफ्तारी से मिले अहम सुराग
EOU ने बताया कि सतीश यादव की गिरफ्तारी से सॉल्वर गैंग के दूसरे सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं. इन साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है. जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.
दूसरे मामलों में भी होगी रिमांड पर कार्रवाई
फिलहाल सतीश कुमार यादव की गिरफ्तारी मुंगेर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 177/26 में की गई है. EOU के मुताबिक, AEDO परीक्षा से जुड़े दूसरे मामलों में भी उसे रिमांड पर लिया जाएगा. AEDO परीक्षा में धांधली से जुड़े कुल चार मामलों की EOU जांच कर रही है. सभी मामले अभी जांच के अधीन हैं.
Also Read: तेजस्वी यादव बोले- बिहार और बंगाल में फिर से हो चुनाव, चीफ इलेक्शन कमिश्नर और चुनाव आयोग पर लगाए कई आरोप
The post बिहार AEDO पेपर लीक का मुख्य आरोपी सतीश यादव गिरफ्तार, 10 परीक्षा केंद्रों पर ऐसे बिछाया था सॉल्वर गैंग का जाल appeared first on Naya Vichar.

