Sikkim Landslide: सिक्किम में लगातार हो रही बारिश के बीच पश्चिम सिक्किम के रिम्बी गांव में बड़ा भूस्खलन हुआ है. युक्सोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र के इस गांव में पहाड़ से भारी मात्रा में मिट्टी, चट्टानें और मलबा नीचे की ओर आ गया. भूस्खलन से इलाके में काफी नुकसान हुआ है और आसपास रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. लगातार बारिश के कारण इलाके में भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है.
लगातार बारिश से बढ़ा खतरा
रिम्बी में भूस्खलन के बाद बड़ी मात्रा में मलबा नीचे की ओर बहकर आया है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ की मिट्टी के और खिसकने की आशंका बनी हुई है. स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित इलाकों पर नजर रख रहे हैं.
इससे पहले भी रिम्बी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई थीं. सिक्किम प्रशासन के अनुसार, रिम्बी में भूस्खलन का मलबा NiK Kholsa स्ट्रीम के पास जमा हो गया था और बारिश के दौरान पानी के साथ यह मलबा गांव की ओर बह रहा था. इससे इलाके में नुकसान का खतरा बढ़ गया था.
128 लोगों को पहले ही सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
रिम्बी में स्थिति को देखते हुए प्रशासन पहले ही संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुका है. सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SSDMA) के मुताबिक, 28 घरों में रहने वाले 128 लोगों को एहतियात के तौर पर निकाला गया था. प्रभावित परिवारों को राहत और जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई गई है.
ये भी पढ़ें: अब बोलकर होगा UPI Payment? AI से बदलने वाला है पेमेंट का तरीका, NPCI CEO ने बताया प्लान
सड़क संपर्क भी प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन से सिक्किम में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है. रिम्बी-युक्सोम मार्ग पर कई जगह मलबा आने से यातायात बाधित है और संपर्क बहाल करने के लिए बेली ब्रिज बनाने की तैयारी की जा रही है. वहीं NH-10 और सिंगतम-रंगपो मार्ग पर भी मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई है. बारिश के चलते तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है.
प्रशासन की लोगों से अपील
SSDMA ने लोगों को सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों और मलबे के ढेर से दूर रहने की सलाह दी है. बारिश के दौरान नदी, नाले और जलधाराओं के पास जाने से भी बचने को कहा गया है. अधिकारियों ने लोगों से जमीन में नई दरार, मिट्टी खिसकने, पानी के बहाव में अचानक बदलाव या किसी असामान्य आवाज को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है.
The post Video: सिक्किम में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से घरों को नुकसान, 128 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए appeared first on Naya Vichar.

