Hot News

‘बेटा मिलने तक नहीं हटेंगे’… प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर 3 महीने से लापता अनुज के लिए परिवार का धरना

UP News: तीन महीने से बेटे का इंतजार कर रहे हाथरस के एक परिवार की बेचैनी अब वृंदावन तक पहुंच गई है. 16 वर्षीय अनुज चौधरी के लापता होने से परेशान माता-पिता और ग्रामीण केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए. परिवार का दावा है कि अनुज दीक्षा लेने के बाद से घर नहीं लौटा है. वहीं, आश्रम की ओर से परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया है.

तीन महीने से नहीं मिला अनुज

हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के बारामई खेड़ा गांव निवासी राजवीर सिंह का 16 वर्षीय बेटा अनुज चौधरी करीब तीन महीने से लापता है. परिवार के अनुसार, अनुज अपनी ननिहाल पानीगांव आता-जाता था. इसी दौरान वह वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए जाने लगा. बाद में उसने दीक्षा लेने की इच्छा जताई और परिवार के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले दीक्षा ली.

आश्रम के बाहर बैठे परिजन

अनुज के वापस नहीं लौटने पर परिजन शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे. परिवार ने आश्रम से अनुज को सामने लाने की मांग की. काफी देर तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर परिजन आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए. धरने में अनुज के माता-पिता, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग शामिल रहे. परिवार का कहना है कि बेटा मिलने तक वे वहां से नहीं जाएंगे.

पुलिस ने आश्रम में की पूछताछ

हंगामे की सूचना मिलने पर सीओ वृंदावन संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद अधिकारी आश्रम के अंदर गए और अनुज से जुड़े रिकॉर्ड और जानकारी जुटाई. आश्रम की ओर से आए एक साधक ने परिवार को बताया कि अनुज की फोटो सेवादारों के अलग-अलग ग्रुप में साझा की गई थी. गुरु पूर्णिमा के दौरान बड़ी संख्या में शिष्य आए थे और अनुज के वहां मौजूद होने की बात भी कही गई. साधक ने परिवार को रिकॉर्ड और वीडियो दिखाने की बात कहते हुए आगे भी सहयोग का भरोसा दिया.

हाथरस में पहले से दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार, अनुज के लापता होने के मामले में हाथरस के सादाबाद में मुकदमा दर्ज है. सीओ वृंदावन ने बताया कि केली कुंज आश्रम के दीक्षा संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. वहीं, अनुज की दादी मुन्नी का आरोप है कि वह दर्शन के लिए आश्रम आया था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा. परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक अनुज के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. इसी वजह से वे आश्रम के बाहर धरने पर बैठे हैं.

Also Read: गांधी जयंती पर यूपी वालों को बड़ा तोहफा, खादी खरीदने पर मिलेगी 25% छूट, CM योगी ने किया ऐलान; जानें कब तक उठाएं फायदा

The post ‘बेटा मिलने तक नहीं हटेंगे’… प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर 3 महीने से लापता अनुज के लिए परिवार का धरना appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top