Gopalganj Flood : शीतलपुर बांध टूटने के बाद बैकुंठपुर प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों के साथ स्कूलों तक पहुंच गया है. बाढ़ के पानी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कई छात्रों की कॉपी-किताबें भी पानी में डूबकर खराब हो गयी हैं. इसी बीच बासघाट मसूरियां पंचायत के नन्हे छात्र अभिज्ञान यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बाढ़ में डूबी अपनी किताबें दिखाकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से अपनी परेशानी साझा करता नजर आ रहा है.
किताबें दिखाकर अभिज्ञान ने पूछा- अब हम पढ़ाई कैसे करेंगे?
वायरल वीडियो में अभिज्ञान अपनी मैथ, साइंस, हिंदी और अंग्रेजी की किताबें दिखाता है. वह बताता है कि बाढ़ के पानी में उसकी किताबें डूब गयी हैं और स्कूल भी पानी में डूब गया है. इसके बाद वह शिक्षा मंत्री से मासूमियत से सवाल करता है कि अब वह पढ़ाई कैसे करेगा.
स्कूल में पानी, किताबें खराब होने से पढ़ाई पर असर
बाढ़ के कारण बैकुंठपुर के कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित है. घरों में पानी घुसने के साथ स्कूलों तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है. बच्चों की किताबें और पढ़ाई का सामान खराब होने से उनके सामने स्कूल खुलने के बाद पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गयी है.
अभिज्ञान का सवाल बता रहा बाढ़ का बच्चों की पढ़ाई पर असर
अभिज्ञान का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. उसका मासूम सवाल यह बताने के लिए काफी है कि बाढ़ का असर केवल घरों, खेतों और रोजमर्रा की जिंदगी तक सीमित नहीं है. बाढ़ के पानी में बच्चों की किताबें डूबने से उनकी पढ़ाई और भविष्य भी प्रभावित हो रहा है.
Also Read : गोपालगंज में बाढ़ ने छीनी बच्चों की किताबें, रिया की गुहार पर DEO ने पहुंचकर बांटी कॉपी-किताब और स्कूल बैग
The post बाढ़ में डूबी किताबें, कैसे करें पढ़ाई? गोपालगंज के नन्हे अभिज्ञान ने शिक्षा मंत्री से किया सवाल, वायरल हुआ वीडियो appeared first on Naya Vichar.

