Ranchi Street Food: राजधानी रांची में स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गये हैं. शुक्रवार देर शाम मोरहाबादी वेंडर मार्केट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की जांच के दौरान पनीर के दो नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि चाट के दो नमूनों में औद्योगिक रंग की पुष्टि हुई. संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त अनुज प्रसाद के नेतृत्व में चलाये गये अभियान के दौरान 40 स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और 22 खाद्य नमूनों की जांच की गयी. इस दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों को नष्ट किया गया. साथ ही सॉस में इस्तेमाल होने वाले रंग और केमिकल की गुणवत्ता, ब्रांड व मात्रा की भी जांच की गयी. इस कार्रवाई ने स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ पवन कुमार, अमित कुमार राम, नम्रता महतो, मनीषा, सौरभ सिंह और रवि हांसदा शामिल थे.
ये भी पढ़ें- मां रूपी सोरेन की याद में CM हेमंत सोरेन ने निभायी दातून, पानी और भोजन परोसने की परंपरा
500 रुपए का जुर्माना, क्या इससे रुकेगी मिलावट?
मोरहाबादी वेंडर मार्केट में नियमों का उल्लंघन करने वाले स्टॉल संचालकों पर 500 रुपये जुर्माना लगाने की बात कही गयी है. हालांकि, खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों में जुर्माने की इस राशि को नाकाफी बताते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. मेनका सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत की भी जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.
पहले भी जब्त हो चुकी है मिलावटी पनीर और खोवा की बड़ी खेप
रांची और आसपास के इलाकों में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी है. छह अगस्त 2026 को रातू रोड में 800 किलो से अधिक मिलावटी पनीर और खोवा जब्त किया गया था. जब्त सामग्री को झिरी ले जाकर नष्ट किया गया था. शुरुआती जांच में कुछ उत्पादों में स्टार्च की मिलावट के संकेत मिले थे. इससे पहले 17 जुलाई 2025 को ओरमांझी में 560 किलो पनीर, 20 किलो क्रीम और 20 किलो घी की खेप पकड़ी गयी थी. जांच में पनीर और क्रीम के नमूने मिलावटी पाये जाने के बाद उन्हें नष्ट कर दिया गया था.
ये भी पढ़ें- Naya Vichar के पूर्व महाप्रबंधक अंजय शर्मा का निधन, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत
The post Ranchi: मोरहाबादी में चाट खा रहे हैं तो सावधान! जांच में मिला औद्योगिक रंग, पनीर के 2 नमूने फेल appeared first on Naya Vichar.

