CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है. जिसके लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे. उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हिरासत में लिया गया. पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास और नेता आशुतोष रांका को भी विमान से उतरने के बाद हिरासत में ले लिया गया है.
ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया
यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली से सटे गुरुग्राम में हिरासत में लिया गया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस के सादे कपड़ों में आए कर्मियों ने उन्हें शनिवार सुबह हिरासत में लिया. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि राठी को दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने और बीएनएस 163 लागू होने के बारे में समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रदर्शन में शामिल होने की बात कह रहे थे.
सीजेपी के लीगल हेड रत्ना सिंह भी हिरासत में
CJP की कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने भी हिरासत में लिए जाने की बात कही है. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, उन्होंने बताया कि उन्हें तीन अन्य वकीलों के साथ हिरासत में लिया गया.
क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था. पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. प्रदर्शन का एक प्रमुख मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए गए सवाल हैं. प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटरों के नाम हटाए जाने पर चिंता जताई है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली प्रोटेस्ट से दूर कहां हैं सोनम वांगचुक? वीडियो शेयर कर क्यों बोले- और भी गम हैं जमाने में, सियासत के सिवा
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन से पहले दिल्ली में करीब 200 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी. पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शन की अनुमति को लेकर CJP तथा प्रशासन के बीच टकराव बढ़ गया है.
The post अभिजीत दीपके-सौरभ दास सहित CJP प्रोटेस्ट के 5 बड़े नेता डिटेन, ध्रुव राठी गुरुग्राम से हिरासत में लिए गए appeared first on Naya Vichar.

