नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के हरसिंगपुर टांड़ी स्थित दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना और कलश स्थापना को लेकर 251 कुंवारी कन्याओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली। पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच निकली इस शोभायात्रा से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर गावपुर एवं गोवर्धनपुर होते हुए सरैया पुल स्थित पवित्र जमुआरी नदी के तट पर पहुंची। यहां वैदिक विधि-विधान के साथ जल भरने के बाद कन्याएं सिर पर कलश धारण कर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचीं। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश की स्थापना की गई। कलश स्थापना के साथ ही मंदिर में मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हो गई। नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा।
आयोजन को सफल बनाने में राम कृपाल साह, अरुण कुमार साह, रामशरण साह, पंकज कुमार साह, अर्जुन कुमार साह, रंजीत कुमार साह, मुकेश कुमार साह, विजय कुमार साह, बब्बन गिरि, राजदेव गिरि, आदित्य कुमार गिरि, धर्मजीत राय एवं नारायण साह सहित अन्य ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।