रस्सी खुलते ही मुसरीघरारी चौराहा पर लगा भीषण जाम, दो घंटे तक फंसे रहे लोग; हाईवे पेट्रोल की भूमिका पर उठे सवाल
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन- मुसरीघरारी चौराहा पर रविवार की सुबह यातायात व्यवस्था बिगड़ने से भीषण जाम लग गया। चौराहा पर करीब दो घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने में जुट गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद खराब ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया। इसके बाद चौराहा पर फिर से रस्सी बांधकर यातायात व्यवस्था बहाल की गई।
ट्रक खराब होने और रस्सी खोलने से बिगड़ी व्यवस्था
चौराहा पर जाम लगने के पीछे दो प्रमुख कारण सामने आए। पहला, वाहनों को निर्धारित दिशा से मोड़ने के लिए चौराहा पर रस्सी बांधी गई थी। इसके कारण समस्तीपुर की ओर से आने वाले वाहनों को करीब 100 मीटर आगे स्टेट बैंक के कट से मुड़कर बस स्टैंड की तरफ जाना था। वहीं, पटोरी की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे चौराहा पार करने के बजाय बस स्टैंड की ओर आगे बढ़कर पेट्रोल पंप के पास बने कट से मुड़कर समस्तीपुर या दलसिंहसराय की ओर जाना था।
इसी दौरान गिट्टी लदा एक ट्रक पेट्रोल पंप के पास बने कट से मुड़कर समस्तीपुर की ओर जाने लगा। मोड़ने के दौरान ट्रक खराब हो गया और सड़क पर ही बंद पड़ गया। इससे पीछे से आ रहे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। जाम बढ़ता देख पीछे मौजूद एक वाहन चालक ने चौराहा पर बंधी रस्सी खोल दी और वहां से वाहन निकालने लगा। इसके बाद कई वाहन निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करते हुए सीधे चौराहा पार करने लगे। ताजपुर, समस्तीपुर और पटोरी की ओर से आ रहे वाहनों के एक साथ फंसने से स्थिति गंभीर हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, क्रेन से हटवाया ट्रक
जाम की सूचना पर मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन खराब ट्रक और अव्यवस्थित यातायात के कारण परेशानी बनी रही। अंततः क्रेन मंगवाकर ट्रक को सड़क किनारे कराया गया। इसके बाद चौराहा पर दोबारा रस्सी बांधकर वाहनों की आवाजाही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शुरू कराई गई।
जाम में हाईवे पेट्रोल बिहार की भूमिका पर उठे सवाल
जाम के दौरान समस्तीपुर की ओर से हाईवे पेट्रोल बिहार की गाड़ी भी मौके से गुजरी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जाम हटाने में सहयोग करने के बजाय गाड़ी वहां से निकल गई। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि हाईवे पेट्रोल की जिम्मेदारी केवल वाहनों की जांच और चालान काटने तक सीमित रह जाए, तो सड़क पर खराब वाहनों और जाम की स्थिति में राहत कौन पहुंचाएगा?
हाईवे पेट्रोल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, खराब वाहनों के कारण बाधित यातायात को हटवाने के लिए समन्वय करने और आपात स्थिति में संबंधित एजेंसियों की मदद सुनिश्चित करने से भी जुड़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पेट्रोल बिहार की गाड़ी पर तैनात कर्मियों का कार्यक्षेत्र बंगरा थाना क्षेत्र से दलसिंहसराय थाना क्षेत्र तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर है प्रत्येक दिन की भांति आज सुबह भी समस्तीपुर से हाईवे पेट्रोल बिहार की गाड़ी अपनी ड्यूटी करने के लिए आ रही थी लेकिन एग्जाम देकर के जाम छुराने के बजाय आगे बढ़ गई। लोगों का कहना है कि सड़क पर जाम या वाहन खराब होने की स्थिति में संबंधित टीम को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राहत कार्य में सहयोग करना चाहिए।
ट्रैफिक डीएसपी बोले- व्यवस्था बेहतर करने का रहेगा प्रयास
इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। संबंधित पदाधिकारी से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जब पहली बार मुसरीघरारी चौराहा पार किया था, तभी यहां जाम की समस्या को दूर करने के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने का विचार आया था। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष और अन्य लोगों के सहयोग से चौराहा पर रस्सी बंधवाई गई थी। इससे जाम की समस्या लगभग समाप्त हो गई थी। आगे भी प्रयास रहेगा कि यहां यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए।
