Hot News

प्रभात खबर Exclusive: 10 मिनट पार्किंग फ्री, फिर भी वसूले जा रहे पैसे; अब ब्लैकलिस्ट होंगे ठेकेदार!

Ranchi Parking Rules: राजधानी में वाहन चालकों को राहत देने के लिए रांची नगर निगम ने पार्किंग स्थलों पर 10 मिनट तक मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था की है, लेकिन धरातल पर इस नियम का पालन नहीं हो रहा है. कहीं वाहन खड़ा करते ही शुल्क वसूला जा रहा है, तो कहीं ठेकेदार इस छूट का लाभ लोगों को दे रहे हैं. वहीं, अधिकतर पार्किंग स्थलों पर मुफ्त पार्किंग की जानकारी देने वाले बोर्ड भी नहीं लगे हैं. टिकट पर भी छूट की अवधि स्पष्ट नहीं है. ऐसे में वाहन चालकों को नियमों की जानकारी नहीं मिल पाती और उन्हें मुफ्त पार्किंग की सुविधा का लाभ उठाने में परेशानी होती है.

ये भी पढ़ें: रांची में ठंड ने दी दस्तक, सुबह धुंध-कुहासे का नजारा; जानें 31 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

पॉस मशीन नहीं, टिकट पर हाथ से लिखा जा रहा समय

पार्किंग स्थलों पर शुल्क वसूली की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है. ठेकेदारों के कर्मचारी पॉस मशीन से समय दर्ज करने के बजाय टिकट पर हाथ से वाहन के आने-जाने का समय लिख रहे हैं. इससे समय के रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका बनी रहती है. डिजिटल व्यवस्था नहीं होने से शुल्क वसूली पर भी सवाल उठ रहे हैं. यदि मशीन से समय दर्ज किया जाये, तो निर्धारित 10 मिनट के भीतर निकलने वाले वाहन चालकों को मुफ्त पार्किंग का लाभ मिल सकता है.

छुट्टी के दिन 50% पार्किंग छूट का पालन नहीं

ठेकेदारों को नगर निगम द्वारा यह भी दिशा-निर्देश दिया गया है कि शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिन पार्किंग शुल्क में लोगों को 50 प्रतिशत की छूट दें. लेकिन, इसका पालन ठेकेदारों के लोग नहीं करते हैं. वहीं, इस छूट से संबंधित सूचना न तो टिकट में अंकित है और न ही पार्किंग स्थलों पर इससे संबंधित कोई नोटिस बोर्ड लगाया गया है.

ये भी पढ़ें: JPSC परीक्षा घोटाले में CID की पहली चार्जशीट, पूर्व अध्यक्ष और उप परीक्षा नियंत्रक समेत 12 आरोपी

लोगों को नहीं मिल रहा मुफ्त पार्किंग सुविधा का लाभ

नया विचार ने गुरुवार को शहर के कई पार्किंग स्थलों का जायजा लिया. इस दौरान अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग स्थिति देखने को मिली.

हनुमान मंदिर टैक्सी स्टैंड : यहां दोपहर 1.30 बजे वाहन लेकर पहुंचे. वाहन चालक ने कर्मचारियों से कहा कि दो मिनट में निकल जायेंगे, लेकिन इसके बावजूद तत्काल पार्किंग शुल्क वसूल लिया गया.

अटल स्मृति वेंडर मार्केट : यहां दोपहर 2.27 बजे वाहन पार्क किया गया और 2.33 बजे निकाल लिया गया. यानी वाहन केवल छह मिनट खड़ा रहा. इसके बावजूद ठेकेदार के कर्मचारी ने 10 रुपये शुल्क वसूल लिया.

जयपाल सिंह स्टेडियम पार्किंग : यहां दोपहर 12.15 बजे वाहन लेकर पहुंचे और 12.23 बजे निकल गये. आठ मिनट की पार्किंग के लिए कोई शुल्क नहीं लिया गया.

रांची क्लब कॉम्प्लेक्स : यहां दोपहर 12.36 बजे वाहन पार्क किया गया और 12.44 बजे निकाल लिया गया. आठ मिनट के दौरान कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया गया.

स्मार्ट बाजार पार्किंग : यहां दोपहर 1.04 बजे वाहन लेकर पहुंचे और 1.11 बजे निकल गये. सात मिनट की पार्किंग के लिए कोई शुल्क नहीं लिया गया.

चर्च कॉम्प्लेक्स : यहां दोपहर 12.30 बजे वाहन लेकर पहुंचे और 1.30 बजे निकल गये. इस दौरान न तो कोई टिकट दिया गया और न ही पार्किंग शुल्क वसूलने कोई कर्मचारी आया.

ये भी पढ़ें: Ranchi Champions Trophy 2026: रांची में क्रिकेट का रोमांच शुरू, 20 स्कूलों और 12 संगठनों की टीमें लेंगी हिस्सा

सीधी बात

नगर आयुक्त सुशांत गौरव से

सवाल : शहर के कई पार्किंग स्थलों में ठेकेदारों द्वारा फ्री पार्किंग का लाभ लोगों को नहीं दिया जा रहा है. निगम ऐसे ठेकेदारों पर क्या कार्रवाई करेगा?

जवाब : निगम ने कई पार्किंग स्थलों की जांच करायी है. कई संवेदकों की शिकायत निगम तक पहुंची है. ऐसे संवेदकों को निगम ब्लैक लिस्ट करेगा.

सवाल : फ्री पार्किंग व छुट्टी के दिन आधा शुल्क वसूलने संबंधी सूचना टिकट पर अंकित नहीं रहती, नोटिस बोर्ड भी नहीं लगा रहता. लोगों को इस बारे में जानकारी कैसे मिलेगी?

जवाब : निगम की जो गाइडलाइन है, उसका पालन हर हाल में सारे संवेदकों को करना होगा. अगर कोई इसमें गड़बड़ कर रहा है, तो ऐसे लोगों पर निगम सख्त कार्रवाई करेगा.

ये भी पढ़ें: खूंटी स्कूल हमला: CCTV में दिखे तीन नकाबपोश, अब हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

The post नया विचार Exclusive: 10 मिनट पार्किंग फ्री, फिर भी वसूले जा रहे पैसे; अब ब्लैकलिस्ट होंगे ठेकेदार! appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top