Kitchen Tips: आजकल की बिजी लाइफ में कई लोग एक बार में ज्यादा खाना बनाकर फ्रिज में रख देते हैं. बाद में जरूरत पड़ने पर उसी खाने को गर्म करके खा लेते हैं. इससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है. यह आदत खाने की क्वालिटी के साथ-साथ आपकी सेहत पर भी असर डाल सकती है. अगर खाना सही तरीके से स्टोर और गर्म न किया जाए, तो उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि बचा हुआ खाना कितनी बार गर्म करना चाहिए और उसे सुरक्षित रखने का सही तरीका क्या है.
क्या फ्रिज में रखा खाना दोबारा गर्म करना ठीक है?
फ्रिज में रखा खाना दोबारा गर्म करके खाया जा सकता है. लेकिन कोशिश करें कि पूरे खाने को बार-बार गर्म न करें. जितनी मात्रा में खाना हो, सिर्फ उतना ही निकालकर गर्म करें. इससे बाकी खाना सुरक्षित रहता है और बार-बार गर्म करने की जरूरत भी नहीं पड़ती.
खाना गर्म करने का सही तरीका क्या है?

खाना सिर्फ ऊपर से गर्म नहीं होना चाहिए, बल्कि अंदर तक अच्छी तरह गर्म होना जरूरी है. दाल, सब्जी, ग्रेवी और चावल जैसी चीजों को गर्म करते समय ध्यान रखें कि हर हिस्सा बराबर गर्म हो जाए. अगर माइक्रोवेव का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बीच में एक बार खाना चला दें, ताकि गर्मी हर हिस्से तक पहुंच सके.
बार-बार खाना गर्म करने से क्या नुकसान हो सकता है?
एक ही खाने को कई बार गर्म करने से उसका स्वाद और टेक्सचर बदल सकता है. साथ ही कुछ जरूरी पोषक तत्व भी कम हो सकते हैं. अगर खाना लंबे समय तक बाहर रखा गया हो या सही तरीके से स्टोर न किया गया हो, तो उसमें बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं. ऐसे खाने को खाने से पेट दर्द, फूड पॉइजनिंग या दूसरी पेट से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं.
खाना फ्रिज में रखने का सही तरीका
बचा हुआ खाना ज्यादा देर तक कमरे के तापमान पर न छोड़ें. हल्का ठंडा होने के बाद उसे ढक्कन वाले साफ कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख दें. फ्रिज का तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होना चाहिए. अगर खाना ज्यादा है, तो उसे छोटे-छोटे कंटेनर में रखें. इससे जरूरत के हिसाब से खाना निकालना आसान होगा और पूरा खाना बार-बार गर्म नहीं करना पड़ेगा.
किन चीजों को बार-बार गर्म करने से बचें?

- पके हुए चावल
- चिकन और मीट
- अंडे से बने व्यंजन
- दूध और डेयरी से बनी चीजें
- क्रीम वाली डिश
खाना गर्म करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- जितना खाना खाना है, सिर्फ उतना ही गर्म करें.
- माइक्रोवेव में गर्म करते समय बीच में एक बार खाना चला दें.
- अगर खाने की गंध, रंग या स्वाद बदल गया है, तो उसे खाने से बचें.
- बहुत पुराने या कई दिनों से रखे हुए खाने का इस्तेमाल न करें.
- खाने को बार-बार फ्रिज से निकालकर गर्म करने और फिर वापस रखने की आदत से बचें.
यह भी पढ़ें: बरसात में बेसन, सूजी और मैदा नहीं होगा खराब, बस अपनाएं ये आसान तरीके
The post Kitchen Tips: फ्रिज में रखा खाना बार-बार गर्म करके खाते हैं? पहले जान लें इससे होने वाले नुकसान appeared first on Naya Vichar.

