Amritsar Police Encounter: पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने मतेवाल गांव में कार्रवाई करते हुए वांटेड गैंगस्टर हरमन गोपा राय उर्फ हरमनजीत सिंह का एनकाउंटर किया. पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की. इस दौरान एक गोली SHO को लगते-लगते बची. जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
अमृतसर के SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर हरमन गोपा राय के मतेवाल इलाके में होने की गुप्त सूचना मिली थी. उसके खिलाफ इलाके में पहले हुई गोलीबारी के मामले में केस दर्ज है. सूचना के आधार पर SHO की अगुवाई में पुलिस टीम ने चेकपॉइंट लगाया.
मुठभेड़ में बाल-बाल बचे SHO
पुलिस के अनुसार, जब संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी. उसने SHO को भी निशाना बनाकर फायर किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर के पैर में गोली लगी.
गुरदासपुर ग्रेनेड हमले में वांटेड है हरमन गोपा राय
SSP ने बताया कि हरमन गोपा राय गुरदासपुर के हनुमान चौक पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में वांटेड और घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) है. उसके पास से .32 बोर की पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
आतंकवादी एंगल से भी की जाएगी जांच
पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और गैंग से जुड़े संबंधों की जांच कर रही है. SSP के मुताबिक, ग्रेनेड हमले के मामले को देखते हुए आतंकवादी गतिविधियों से उसके संभावित संबंधों की भी जांच की जाएगी. रिमांड के दौरान इस पहलू पर भी उससे पूछताछ की जाएगी.
ये भी पढ़ें: आजमगढ़: पत्नी-बेटे समेत 4 की जान लेने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पूजा को लेकर हुआ था विवाद
The post अमृतसर में वांटेड गैंगस्टर का एनकाउंटर, पुलिस ने हरमनजीत सिंह के पैर पर मारी गोली appeared first on Naya Vichar.

