Simdega Rubella News: ठेठईटांगर प्रखंड के ताराबोगा स्थित नदीपार टोली और कुड़पानी के मुंडा टोली में दो बच्चों में रूबेला की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है. संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों प्रभावित टोलियों में कैंप लगाकर बच्चों की जांच और टीकाकरण कर रही है. साथ ही ग्रामीणों को रूबेला के लक्षण, बचाव और सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
जांच के बाद दो बच्चियों में हुई रूबेला की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, रूबेला के लक्षण मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों टोलियों से पांच-पांच बच्चों के रक्त के नमूने जांच के लिए रांची भेजे थे. जांच रिपोर्ट में ताराबोगा नदीपार टोली की एक बच्ची और कुड़पानी मुंडा टोली की एक बच्ची में रूबेला की पुष्टि हुई.
ये भी पढ़ें- हाथियों के झुंड की सूचना मिलते ही अलर्ट हुई सिमडेगा पुलिस, वन विभाग के साथ शुरू की निगरानी
एक से पांच वर्ष तक के बच्चों का किया जा रहा टीकाकरण
मामले की पुष्टि के बाद सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने प्रभावित गांवों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया. डॉ. अध्ययन शरण के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों टोलियों में कैंप लगाकर एक से पांच वर्ष तक के बच्चों को चिन्हित कर उनका टीकाकरण कर रही है. जिन बच्चों को पहले और दूसरे चरण का टीका लग चुका है, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार अतिरिक्त डोज भी दिया जा रहा है.
परिजनों को दी जा रही जरूरी जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित बच्चों की देखभाल और रखरखाव को लेकर उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी दे रही है. साथ ही परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों को रूबेला के लक्षण, संक्रमण से बचाव और जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि संक्रमण को दूसरे बच्चों तक फैलने से रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- Garhwa Voter List: नाम जोड़ने के 20,671 आवेदन, सुधार के लिए 13,820 ने किया दावा
स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग की लगातार नजर
स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों प्रभावित टोलियों में लगातार निगरानी कर रही है. बच्चों की जांच और टीकाकरण के साथ ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान भी जारी है. विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
The post सिमडेगा में रूबेला की दस्तक ! दो बच्चियों में संक्रमण की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट appeared first on Naya Vichar.

